विक्ट्री इंटर कॉलेज में तीन दिवसीय पुस्तक मेले का भव्य शुभारंभ
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
विक्ट्री इंटर कॉलेज में तीन दिवसीय पुस्तक मेले का भव्य शुभारंभ
20 नवंबर तक चलेगा पुस्तक मेला, विद्यार्थियों और आमजन को मिलेगा ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक साहित्य
संवाददाता एक संदेश
दोहरीघाट, मऊ। विक्ट्री इंटर कॉलेज के सभागार में बुधवार को गायत्री शक्तिपीठ के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय पुस्तक मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। 18 से 20 नवंबर तक चलने वाले इस पुस्तक मेले का उद्घाटन विद्यालय के प्रबंधक धर्मेंद्र राय ने फीता काटकर किया। इसके बाद उन्होंने मां गायत्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर विधिवत पूजन-अर्चन किया। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला।
पुस्तक मेले का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ आमजन में ज्ञानवर्धन, बौद्धिक विकास, नैतिक चेतना और पठन-पाठन के प्रति रुचि विकसित करना है। मेले में जीवनोपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं नैतिक शिक्षा से संबंधित साहित्य उपलब्ध कराया गया है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार पुस्तकों का चयन करने और उनके महत्व को समझने का अवसर मिलेगा।
पुस्तक मेले का आयोजन शक्तिपीठ लाटघाट के पुजारी एवं आचार्य रणविजय सिंह तथा पूर्व शिक्षिकाओं प्रेमावती राय, माया जायसवाल, रीना उपाध्याय और विजय जायसवाल के निर्देशन में किया जा रहा है। आयोजकों का मानना है कि पुस्तकों का अध्ययन व्यक्ति के ज्ञान को समृद्ध करने के साथ ही उसके व्यक्तित्व और विचारों को भी बेहतर बनाता है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. शाश्वतानन्द पांडेय ने पुस्तक मेले की सराहना करते हुए कहा कि पुस्तकें मनुष्य की सच्ची मित्र होती हैं। इनके अध्ययन से विद्यार्थियों में ज्ञान, अच्छे संस्कार और सकारात्मक विचारों का विकास होता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह पुस्तक मेला विद्यार्थियों के साथ समाज के सभी वर्गों के लिए उपयोगी साबित होगा।
कार्यक्रम में आमंत्रित आचार्यगण के साथ विद्यालय के शिक्षक जय प्रकाश मल्ल, अर्जुन सिंह, रविशंकर पांडेय, करुणेश मिश्र, शिवांश तिवारी, अवधेश यादव, शिक्षिकाएं सुधा एवं पूजा राय सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने पुस्तक मेले की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों में अध्ययन की रुचि विकसित करने और ज्ञान के प्रसार की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




