स्व. रामानंद राय स्मृति सामान्य ज्ञान एवं फुटबॉल प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
स्व. रामानंद राय स्मृति सामान्य ज्ञान एवं फुटबॉल प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न
27 नवंबर को होगी सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, 4 एवं 5 दिसंबर को फुटबॉल प्रतियोगिता में चार जनपदों की टीमें करेंगी प्रतिभाग
दोहरीघाट, मऊ। विक्ट्री इंटर कॉलेज के सभागार में मंगलवार को विद्यालय के प्रबंधक धर्मेंद्र राय की अध्यक्षता में विद्यालय परिवार के सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्व. रामानंद राय की स्मृति में सामान्य ज्ञान एवं फुटबॉल प्रतियोगिता को भव्य रूप से आयोजित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही दोनों प्रतियोगिताओं को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 27 नवंबर 2026 को स्व. रामानंद राय स्मृति सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में विक्ट्री इंटर कॉलेज, दोहरीघाट, सर्वोदय पब्लिक स्कूल, दोहरीघाट तथा बाबू राम कैलाशी देवी महिला महाविद्यालय के लगभग 2800 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता, सामान्य ज्ञान और शैक्षिक प्रतिभा को परखने के साथ ही उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
प्रधानाचार्य डॉ शाश्वतानंद पांडे ने बताया कि आगामी 4 एवं 5 दिसंबर 2026 को स्व. रामानंद राय स्मृति फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें मऊ, बलिया, आजमगढ़ एवं देवरिया जनपदों की फुटबॉल टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में विभिन्न जनपदों की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा युवाओं में खेल के प्रति रुचि, अनुशासन, आपसी सहयोग और टीम भावना को बढ़ावा देना है।
बैठक में प्रतियोगिताओं के आयोजन की रूपरेखा, खिलाड़ियों एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं की व्यवस्था, आयोजन स्थल की तैयारियों तथा कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी सदस्यों से आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. शाश्वतानन्द पांडेय, शिक्षक अर्जुन कुमार सिंह, जय प्रकाश मल्ल, मुकेश कुमार, करुणेश मिश्र, पूजा राय, अवधेश यादव, अमित यादव सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




