अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार ने दी स्व-जनगणना की प्रक्रिया की जानकारी, बोले- मोबाइल से खुद दर्ज करें परिवार का विवरण
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
16 नवंबर से 30 नवंबर तक नागरिकों को मिलेगा स्व-जनगणना का मौका, चार दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार ने दी स्व-जनगणना की प्रक्रिया की जानकारी, बोले- मोबाइल से खुद दर्ज करें परिवार का विवरण
सतीश कुमार पाण्डेय
घोसी,मऊ। जनगणना की प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाने के लिए सरकार की ओर से नागरिकों को स्व-जनगणना का अवसर प्रदान किया जा रहा है। इसके तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर तक 15 दिनों की अवधि में लोग घर बैठे अपने मोबाइल के माध्यम से परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद चार दिसंबर से प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनगणना का कार्य पूरा करेंगे।
उक्त बातें घोसी नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार ने जनगणना की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहीं। उन्होंने बताया कि जनगणना का कार्य दो चरणों में पूरा किया जाना है। प्रथम चरण में मकानों की गणना का कार्य पूरा हो चुका है। अब दूसरे चरण में देश में निवास करने वाले लोगों की गणना की जाएगी। इसके लिए प्रगणक घर-घर जाकर परिवार के सदस्यों से संबंधित जानकारियां एकत्र करेंगे और उन्हें ऑनलाइन दर्ज करेंगे।
उन्होंने बताया कि सरकार ने नागरिकों को सुविधा देते हुए 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वयं अपनी जनगणना करने का विकल्प दिया है। इसके लिए एंड्रॉयड मोबाइल के माध्यम से आधिकारिक पोर्टल sc.census.gov.in पर जाकर स्व-जनगणना की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। पोर्टल पर सबसे पहले अपने राज्य और भाषा का चयन करना होगा। इसके बाद मोबाइल नंबर के माध्यम से आगे की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
अनिल कुमार ने बताया कि स्व-जनगणना के दौरान परिवार के मुखिया का विवरण, घर में निवास करने वाले सभी सदस्यों के नाम, जन्मतिथि, परिवार के मुखिया से उनका संबंध और शैक्षणिक योग्यता सहित मांगी गई अन्य जानकारियां भरनी होंगी। इसके साथ ही घर की लोकेशन भी दर्ज करनी होगी। सभी जानकारियां भरने और उनकी पुष्टि करने के बाद एक सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी (एसआईडी) प्राप्त होगी। नागरिकों को इस आईडी को सुरक्षित रखना होगा।
उन्होंने कहा कि जब चार दिसंबर से प्रगणक घर पहुंचेंगे तो नागरिक उन्हें अपनी एसआईडी उपलब्ध करा देंगे जिससे उनकी जनगणना की प्रक्रिया आसानी से पूरी हो सकेगी। इससे नागरिकों को बार-बार जानकारी देने की जरूरत नहीं पड़ेगी और प्रगणकों का काम भी आसान होगा। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे निर्धारित समयावधि में स्व-जनगणना का लाभ उठाएं और जनगणना के राष्ट्रीय कार्य में अपना सहयोग प्रदान करें।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




