लोकआस्था के महापर्व छठ पर घाटों पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
लोकआस्था के महापर्व छठ पर घाटों पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ) : आस्था, परंपरा और श्रद्धा के अनुपम संगम लोकपर्व छठ पर रविवार की संध्या मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक क्षेत्र का कोना-कोना भक्तिरस में सराबोर नजर आया। अस्त होते सूर्य की सुनहरी लालिमा के बीच श्रद्धालुओं का रेला घाटों की ओर उमड़ पड़ा। सिर पर पूजन सामग्री से सजी डलिया और हृदय में परिजनों के मंगल की कामना लिए पारंपरिक परिधानों में सजी व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर पूरे विधि-विधान से अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान संतान की दीर्घायु, परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। छठ के पारंपरिक लोकगीतों, दीपों की जगमगाहट और छठी मइया के जयकारों से घाटों का वातावरण भक्तिमय हो उठा। देवर्षि देवल की पावन भूमि देवलास, तमसा नदी के रामघाट, बाबा घनश्याम साहब की तपस्थली गुरादरी धाम स्थित पवित्र पाताल गंगा सरोवर सहित भदीड़, शमशाबाद कुटी, सद्धोपुर, मालव, देवरिया खुर्द, राजापुर, तिलसवा, हिंडोला, बरसवां, नेवादा, नगपुर, देवरिया बुजुर्ग, दपेहड़ी, दतौली, याकूबपुर, अरैला, भांटी और चेरुईडीह समेत विभिन्न गांवों के जलाशयों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली पुलिस भी प्रमुख घाटों पर मुस्तैद रही।
अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही व्रती महिलाओं की कठिन उपासना का एक महत्वपूर्ण पड़ाव पूरा हुआ। अब पूरी रात निर्जला व्रत रखकर व्रती सोमवार की भोर में उदीयमान सूर्य के दर्शन की प्रतीक्षा करेंगी। पौ फटते ही पुनः जल में खड़े होकर भगवान भास्कर को प्रातःकालीन अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही संतान की दीर्घायु, परिवार की सुख-शांति और सर्वमंगल की कामना के बीच चार दिवसीय लोकआस्था का यह महापर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न होगा।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




