जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक,स्वगणना कार्य को अधिकाधिक बढ़ावा देने पर दिया विशेष जोर
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
5 मिनट पढ़ें
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक,स्वगणना कार्य को अधिकाधिक बढ़ावा देने पर दिया विशेष जोर
16 से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना तथा 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर की जाएगी जनगणना
जनगणना एवं निर्वाचन से जुड़े कार्य राष्ट्रीय महत्व के,किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों के खिलाफ होगी एफआईआर,हो सकती है जेल:- जिलाधिकारी
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को समयबद्ध, त्रुटिरहित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने कल देर शाम कैंप कार्यालय स्थित सभागार में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, जिसे पूरी गंभीरता, सक्रियता एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर शुद्धता के साथ संपन्न कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित होने वाले स्वगणना कार्य के लिए सभी संबंधित अधिकारी तिथिवार विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर लें। ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर स्वगणना की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जाए। इसके लिए तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने के साथ-साथ आवश्यकतानुसार कैंप भी आयोजित किए जाएं, जिससे अधिक से अधिक नागरिक स्वयं अपनी जनगणना कर सकें। उन्होंने कहा कि स्वगणना कार्य के लिए प्रतिदिन की रणनीति निर्धारित करते हुए उसके अनुरूप लक्ष्य प्राप्त किया जाए।
उन्होंने बताया कि 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर मुख्य जनगणना का कार्य किया जाएगा। इसके लिए भी सभी संबंधित अधिकारी अभी से आवश्यक तैयारियां एवं कार्ययोजना सुनिश्चित कर लें। समस्त उप जिलाधिकारियों को स्वगणना कार्य की प्रतिदिन नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि पहले दिन से ही सभी अधिकारी पूरी सक्रियता के साथ कार्य करें। प्रत्येक प्रगणक से प्रतिदिन कम से कम 4 से 5 परिवारों की स्वगणना कराने का प्रयास किया जाए, जिससे निर्धारित लक्ष्य की अधिकतम प्राप्ति हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि यदि स्वगणना के दौरान ही लगभग 25 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया जाता है तो मुख्य जनगणना के समय प्रगणकों को घर-घर जाकर कार्य करने में काफी सहूलियत होगी। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा आवश्यकता पड़ने पर रिजर्व कार्मिकों की भी सहायता लेने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक, प्रधानाचार्य आईटीआई, जिला पंचायत राज अधिकारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को अपने विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग लेकर स्वगणना कार्य को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। जिला पंचायत राज अधिकारी को पंचायत सहायकों की मदद लेने तथा सभी पंचायत सहायकों के नाम एवं मोबाइल नंबर की सूची तैयार रखने को कहा, जिससे स्वगणना के दौरान उनसे आवश्यक सहयोग लिया जा सके।
जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्कूल एवं कॉलेज में प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को स्वगणना कार्य के लिए प्रशिक्षित किया जाए। साथ ही छात्र-छात्राओं को भी इसकी प्रक्रिया समझाई जाए, जिससे वे अपने परिवार की स्वगणना स्वयं कर सकें। जिलाधिकारी ने प्रत्येक विद्यार्थी के परिवार की स्वगणना कराए जाने तथा इसके संबंध में संबंधित प्रधानाचार्य से प्रमाण पत्र प्राप्त करने के निर्देश भी दिए।
जनगणना के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए जिलाधिकारी ने छठ पूजा घाटों, समस्त सरकारी कार्यालयों एवं नगरीय क्षेत्रों के प्रमुख चौराहों पर स्वगणना एवं जनगणना से संबंधित बैनर लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि उनके विभागों में कार्यरत समस्त सरकारी, आउटसोर्सिंग एवं संविदा कर्मियों से अनिवार्य रूप से स्वगणना कराई जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना निदेशालय द्वारा जारी कार्ययोजना के अनुसार प्रत्येक चरण के लिए निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु सभी अधिकारी तिथिवार कार्ययोजना बनाकर कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना कार्य से जुड़े कार्मिकों की छुट्टियां अनुमन्य नहीं होंगी तथा किसी भी कार्मिक को अवकाश स्वीकृत न किया जाए। निर्धारित लक्ष्यों की प्रतिदिन समीक्षा एवं मॉनिटरिंग संबंधित उप जिलाधिकारी द्वारा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनगणना एवं निर्वाचन दोनों ही राष्ट्रीय महत्व के कार्य हैं, इनमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी अधिकारी अथवा कर्मचारी की लापरवाही संज्ञान में आती है तो संबंधित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने सहित कठोर कार्रवाई की जाएगी। कुछ मामलों में लापरवाह कार्मिकों को जेल की सजा भी हो सकती है। उन्होंने उच्च अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुपरवाइजर एवं प्रगणकों से प्रभावी ढंग से कार्य लेना उनकी जिम्मेदारी है। उनके साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अधिकाधिक कार्य कराया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित उच्च अधिकारी की भी जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों को सुपरवाइजर एवं प्रगणकों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए, जिससे स्वगणना के दौरान प्रतिदिन की प्रगति की निगरानी की जा सके तथा आवश्यक दिशा-निर्देश तत्काल संबंधित कार्मिकों तक पहुंचाए जा सकें। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य में उप जिलाधिकारियों के साथ-साथ जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की भी अहम भूमिका है। अतः सभी संबंधित अधिकारी विशेष सक्रियता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे निर्धारित समयसीमा में जनगणना का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष रूप से 16 से 30 नवंबर तक संचालित होने वाले स्वगणना अभियान पर जोर देते हुए कहा कि इस अवधि में अधिकाधिक परिवारों की स्वगणना सुनिश्चित कराई जाए। इससे मुख्य जनगणना के दौरान कार्य को अधिक सरल, सुगम एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सकेगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त तहसीलदार, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स, तकनीकी सहायक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




