तोमर वंश की आराध्या चिलाय माता का भव्य धाम तैयार, 9 से 11 फरवरी तक होगी प्राणप्रतिष्ठा
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
तोमर वंश की आराध्या चिलाय माता का भव्य धाम तैयार, 9 से 11 फरवरी तक होगी प्राणप्रतिष्ठा
सतीश कुमार पाण्डेय
करहां (मऊ) : शौर्य, पराक्रम और गौरवशाली वंश परंपरा की प्रतीक तोमर राजपूत समाज की आराध्या चिलाय माता को अब पूर्वांचल में भव्य धाम मिल गया है। करहां परिक्षेत्र के सद्धोपुर गांव में सोमपुरा स्थापत्य शैली में निर्मित श्वेत पाषाण का मंदिर बनकर तैयार है। आगामी नौ से 11 फरवरी तक तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान के बीच माता की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से प्राणप्रतिष्ठा की जाएगी। इस दौरान काशी के विद्वान आचार्यों के वैदिक मंत्रोच्चार से परिसर गुंजायमान होगा।
मंदिर निर्माण में सद्धोपुर निवासी भारतीय स्टेट बैंक, रांची के सेवानिवृत्त क्षेत्रीय प्रबंधक ओमप्रकाश सिंह एवं अचरज परिवार का विशेष योगदान रहा है। मंदिर के लिए भूमि उपलब्ध कराने से लेकर निर्माण तक परिवार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। माता की प्रतिमा राजस्थान में विशेष रूप से तैयार कराई गई है।
करहां अंचल के 42 गांवों के अलावा आजमगढ़ के धनछुला और बलिया के मनियर क्षेत्र में भी तोमर राजपूत समाज की बड़ी आबादी है। अब तक पूर्वांचल में कुलदेवी का कोई प्रमुख धाम नहीं था। सद्धोपुर में मंदिर निर्माण से तीनों जनपदों के वंशजों को अपनी आराध्या की पूजा-अर्चना के लिए साझा तीर्थस्थल मिल जाएगा।
लोकमान्यता है कि विपत्ति के समय मां चिलाय ने सफेद चील का स्वरूप धारण कर तंवर वंश की रक्षा की थी। इसी कारण वे चिलाय माता के नाम से कुलदेवी के रूप में पूजित हुईं। हरियाणा के रेवाड़ी स्थित मायन बलवाड़ी धाम और राजस्थान के खुडाना शक्तिपीठ माता के प्रमुख आराधना स्थल हैं। अब सद्धोपुर का यह धाम भी वंशीय आस्था, परंपरा और गौरव का नया केंद्र बनेगा।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




