टड़ियाव 100 शैया अस्पताल के बाहर संचालित मेडिकल स्टोर पर उठे सवाल, जांच की मांग
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
टड़ियाव 100 शैया अस्पताल के बाहर संचालित मेडिकल स्टोर पर उठे सवाल, जांच की मांग
सतीश कुमार पाण्डेय
घोसी (मऊ)। घोसी तहसील क्षेत्र के टड़ियाव स्थित 100 शैया संयुक्त चिकित्सालय में नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। अस्पताल परिसर की बाउंड्री से सटकर संचालित हो रहे एक निजी मेडिकल स्टोर को लेकर स्थानीय लोगों और मरीजों ने सवाल खड़े किए हैं। लोगों का आरोप है कि अस्पताल के आसपास निजी मेडिकल स्टोर के संचालन और मरीजों को बाहर की दवाएं लिखे जाने के मामले में जिम्मेदार अधिकारी मौन साधे हुए हैं।
मरीजों और उनके परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में पर्याप्त सरकारी दवाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। इसके चलते चिकित्सकों द्वारा बाहर की दवाएं लिखे जाने से मरीजों को मजबूरी में निजी मेडिकल स्टोर से महंगे दामों पर दवाएं खरीदनी पड़ रही हैं। लोगों का कहना है कि अस्पताल के ठीक बाहर संचालित मेडिकल स्टोर को इससे सीधा लाभ मिल रहा है, जबकि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
इस मामले को लेकर क्षेत्र के नागरिकों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, बाहर की दवाएं लिखे जाने और अस्पताल के आसपास संचालित निजी मेडिकल स्टोर की वैधता की जांच होनी चाहिए। ग्रामीण सतीश कुमार पाण्डेय, सुभाष मौर्या,संजय सिंह, दिनेश कुमार आदि ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने तथा अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




