ज्ञान वाटिका कॉन्वेंट स्कूल में राष्ट्रीय शिक्षा दिवस पर ‘ब्रेन ब्लास्ट जीके’ पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित, मेधावी विद्यार्थी हुए सम्मानित
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
3 मिनट पढ़ें
ज्ञान वाटिका कॉन्वेंट स्कूल में राष्ट्रीय शिक्षा दिवस पर ‘ब्रेन ब्लास्ट जीके’ पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित, मेधावी विद्यार्थी हुए सम्मानित
जमाल अर्पण का संदेश—“हर बच्चे तक पहुंचे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तभी मजबूत और विकसित बनेगा देश”
सतीश कुमार पाण्डेय
मऊ। राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर प्रभावती रामसुख चौहान वेलफेयर ट्रस्ट के तत्वावधान में ज्ञान वाटिका कॉन्वेंट स्कूल, बरलाई, मऊ के प्रांगण में ‘ब्रेन ब्लास्ट जीके प्राइज डिस्ट्रीब्यूशन’ समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एम0ए0ए0 फाउंडेशन के चेयरमैन श्री जमाल अर्पण एवं समाजवादी पार्टी के सदर विधानसभा, मऊ के पूर्व प्रत्याशी माननीय अल्ताफ अंसारी उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में नगरपालिका सभासद श्री मुहम्मद कमाल एवं श्री सबू अंसारी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री जमाल अर्पण ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “शिक्षा केवल व्यक्ति के जीवन को ही नहीं बदलती, बल्कि पूरे समाज और देश की दिशा एवं दशा बदलने की ताकत रखती है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि समाज के हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचे और किसी भी बच्चे की प्रतिभा आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियों के कारण पीछे न रह जाए। जब हर बच्चा शिक्षित और जागरूक होगा, तभी देश का भविष्य उज्ज्वल होगा।”
उन्होंने कहा कि ‘ब्रेन ब्लास्ट जीके’ जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के ज्ञान को बढ़ाने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, तार्किक क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। ऐसे आयोजनों को लगातार प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, ताकि बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिल सके।
अन्य अतिथियों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ सामान्य ज्ञान और बौद्धिक विकास भी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यालय एवं ट्रस्ट की इस पहल की सराहना की।
इस अवसर पर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को अतिथियों के हाथों पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे और उनमें आगे बेहतर प्रदर्शन करने का उत्साह दिखाई दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक श्री अरविंद चौहान ने की, जबकि मंच का कुशल संचालन श्री मजहर मेजर ने किया।
समारोह में ट्रस्ट एवं विद्यालय परिवार की ओर से संस्थापक राजेंद्र चौहान, सचिव संदीप कुमार, सह-संस्थापक जुबैर अंसारी, महासचिव पिंटू चौहान सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




