घोसी दिवाली की रात दर्दनाक सड़क हादसा, बिजली के पोल से टकराई बाइक; पत्नी की मौत और पति गंभीर रूप से घायल
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
घोसी दिवाली की रात दर्दनाक सड़क हादसा, बिजली के पोल से टकराई बाइक; पत्नी की मौत और पति गंभीर रूप से घायल
सतीश कुमार पाण्डेय
घोसी/मऊ
दीपावली के पावन पर्व की रात मऊ जिले के घोसी नगर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया। खरीदारी करने बाजार आए पति-पत्नी की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के पोल और लकड़ी के गठ्ठर से टकरा गई। इस भीषण हादसे में 23 वर्षीय पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे गांव और परिवार में मातम छा गया है।
हादसे का विवरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घोसी नगर से सटे कृषि विभाग कार्यालय (बनगावा हरिजन बस्ती) के निवासी देवराज अपनी 23 वर्षीय पत्नी रोशनी के साथ रविवार की शाम दीपावली की खरीदारी करने और पर्व मनाने मोटरसाइकिल से घोसी नगर आए थे।
रात करीब 8:35 बजे जब दोनों वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी घोसी-दोहरीघाट मार्ग पर धरौली मोड़ के पास उनकी मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित हो गई। वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे विद्युत पोल और वहां रखी लकड़ी से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग आवाज सुनकर तुरंत मौके पर दौड़े और पुलिस को सूचना दी।
अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित किया
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) घोसी पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने रोशनी को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल देवराज का इलाज जारी है। पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए मऊ भेज दिया है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस दुखद हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। देवराज और रोशनी का विवाह मात्र दो वर्ष पूर्व हुआ था और उनकी एक छोटी सी मासूम बच्ची भी है। दीपावली की रात हुए इस हादसे के कारण क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




