दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों की द्वितीय काउंसलिंग आयोजित, 50 अभिभावक हुए शामिल
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों की द्वितीय काउंसलिंग आयोजित, 50 अभिभावक हुए शामिल
दिव्यांग बच्चों का प्राथमिक विद्यालयों में नामांकन कराकर मुख्य धारा से जोड़ने पर दिया गया जोर
दोहरीघाट (मऊ)। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मऊ एवं जिला समन्वयक समेकित शिक्षा मऊ अमित श्रीवास्तव के निर्देशन में शुक्रवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र दोहरीघाट के प्रांगण में दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों की द्वितीय काउंसलिंग का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विद्यालयों से कुल 50 अभिभावकों ने प्रतिभाग किया। काउंसलिंग के माध्यम से अभिभावकों को दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, उनके लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा उन्हें समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान संदर्भदाता मिथिलेश कुमार एवं अवधेश यादव ने अभिभावकों को दिव्यांग बच्चों को शिक्षा प्रदान करने के विभिन्न तरीकों, उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षण प्रक्रिया तथा शासन द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही बच्चों के सर्वांगीण विकास, विद्यालय में नियमित उपस्थिति एवं शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। अभिभावकों को बताया गया कि दिव्यांग बच्चों को उचित मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान कर उनकी प्रतिभा और क्षमताओं का विकास किया जा सकता है।
काउंसलिंग की देखरेख एआरपी रामबिलास चौहान एवं प्रदीप यादव द्वारा की गई। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी मुकेश कुमार ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी अभिभावक अपने दिव्यांग बच्चों का नामांकन प्राथमिक विद्यालयों में अवश्य कराएं तथा उन्हें शासन की ओर से प्रदान की जाने वाली सुविधाओं का लाभ दिलाएं। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों को शिक्षा से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। उचित शिक्षा, सहयोग और प्रोत्साहन के माध्यम से इन बच्चों को समाज की मुख्य धारा में शामिल किया जा सकता है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक रहें तथा विद्यालयों और शिक्षकों के साथ समन्वय स्थापित कर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग करें।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराना, अभिभावकों को जागरूक करना तथा उन्हें समाज की मुख्य धारा में शामिल कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास करना रहा।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




