सनबीम स्कूल के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक से यातायात नियमों और दीपावली पर प्रदूषण के प्रति किया जागरूक
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
सनबीम स्कूल के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक से यातायात नियमों और दीपावली पर प्रदूषण के प्रति किया जागरूक
एसपी के निर्देशन में जागरूकता अभियान, गाजीपुर तिराहा और मुंशीपुरा पर विद्यार्थियों ने दिया सड़क सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सतीश कुमार पाण्डेय
मऊ। पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में जनपद में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के क्रम में गुरुवार को सनबीम स्कूल मऊ द्वारा जनपद के विभिन्न प्रमुख चौराहों एवं तिराहों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। गाजीपुर तिराहा, मुंशीपुरा तिराहा सहित विभिन्न स्थानों पर विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा तथा दीपावली पर प्रदूषण से बचाव के प्रति जागरूक किया।
विद्यार्थियों ने अपने अभिनय और संवादों के जरिए लोगों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने का संदेश दिया। साथ ही दीपावली के अवसर पर पटाखों से निकलने वाले धुएं और हानिकारक गैसों से होने वाले वायु प्रदूषण, ध्वनि प्रदूषण तथा पर्यावरण एवं स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी विस्तार से बताया।
बच्चों ने लोगों से अपील की कि दीपावली खुशियों और रोशनी का पर्व है, इसे प्रदूषण मुक्त तरीके से मनाएं। पटाखों के अत्यधिक प्रयोग से बचें, पर्यावरण की सुरक्षा करें तथा बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। विद्यार्थियों ने सुरक्षित यातायात और स्वच्छ पर्यावरण को बेहतर समाज की पहचान बताया।
इस अवसर पर यातायात उपनिरीक्षक (टीएसआई) केदारनाथ भारती ने कहा कि यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। उन्होंने दीपावली पर पटाखों के प्रयोग में सावधानी बरतने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
सनबीम स्कूल मऊ की इस पहल की लोगों ने सराहना की। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए सुरक्षित यातायात, प्रदूषण मुक्त दीपावली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान टी एस आई संतोष कुमार उदयभान सिंह कमला पटेल रमेश पाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




