दीपावली, लक्ष्मी पूजा, मूर्ति विसर्जन एवं छठ पूजा को लेकर जिला शांति समिति की बैठक संपन्न
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
4 मिनट पढ़ें
दीपावली, लक्ष्मी पूजा, मूर्ति विसर्जन एवं छठ पूजा को लेकर जिला शांति समिति की बैठक संपन्न
जिलाधिकारी ने त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
सतीश कुमार पाण्डेय
आगामी दीपावली, लक्ष्मी पूजा, मूर्ति विसर्जन एवं छठ पूजा आदि त्योहारों के दृष्टिगत जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने अपने सुझाव रखे तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार ने बताया कि दीपावली पर्व के दृष्टिगत जनपद में कुल 836 स्थानों पर मूर्ति स्थापना/पूजा की व्यवस्था प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि धनतेरस 6 नवंबर, नरक चतुर्दशी एवं छोटी दीपावली 7 नवंबर, दीपावली 8 नवंबर, गोवर्धन पूजा 10 नवंबर, भैया दूज एवं चित्रगुप्त जयंती 11 नवंबर तथा डाला छठ 14 एवं 15 नवंबर को मनाया जाएगा।
इसी दौरान शांति समिति के सदस्य मोहम्मद फैसल ने दीपावली के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग से अभियान चलाकर दुकानों एवं खाद्य सामग्री की जांच कराने की मांग की। पूर्व चेयरमैन तैयब पालकी ने त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात एवं मार्ग विभाजन की समुचित व्यवस्था कराने का सुझाव दिया। अरविंद पांडेय ने घोसी स्थित सीता कुंड की साफ-सफाई कराने की मांग की। वहीं संजय वर्मा ने बताया कि शीतला माता मंदिर में निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके दृष्टिगत मंदिर परिसर में कोई मेला अथवा बड़ा आयोजन नहीं किया जाएगा।
भारत लाल राही ने त्योहारों के दौरान डीजे की तेज आवाज से होने वाली परेशानियों एवं संभावित दुर्घटनाओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया।
पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने कहा कि आगामी त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह तत्पर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घाटों पर छठ पूजा एवं मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे बजाने पर प्रतिबंध रहेगा। निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध एफआईआर सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी पूजा समितियों से पंडालों के आसपास अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा समितियों एवं थाना प्रभारियों को पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक (वालंटियर) तैनात करने की अपील की।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि मूर्ति विसर्जन एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी पूजा स्थलों एवं घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर रखने के निर्देश दिए। साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी करने तथा खोया-पाया हेल्प सेंटर स्थापित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटाखों की बिक्री के लिए निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए तथा सीमित संख्या में ही नियमानुसार लाइसेंस जारी किए जाएं। त्योहारों के दौरान नियमित पुलिस पेट्रोलिंग एवं डायल-112 की गाड़ियों को लगातार भ्रमणशील रखने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पूर्व में सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने में सहयोग देने के लिए शांति समिति के सदस्यों एवं संबंधित अधिकारियों को बधाई दी तथा आगामी त्योहारों में भी इसी प्रकार आपसी सहयोग, भाईचारे एवं सौहार्द की भावना बनाए रखने की अपील की।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट रमेश बाबू, जिला पंचायत राज अधिकारी किरण वर्मा, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी, समस्त थाना प्रभारी एवं जिला शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




