बी-पैक्स समितियों के सचिव एवं कर्मचारी काम पर लौटे
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
3 मिनट पढ़ें
बी-पैक्स समितियों के सचिव एवं कर्मचारी काम पर लौटे
जनपद में उर्वरक वितरण व्यवस्था हुई सामान्य, किसानों को खाद के लिए नहीं होना पड़ेगा परेशान
सतीश कुमार पाण्डेय
जनपद के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। बी-पैक्स समितियों के सचिव एवं कर्मचारी कार्य बहिष्कार स्थगित कर पुनः काम पर लौट आए हैं। इससे जनपद में सहकारी समितियों के माध्यम से उर्वरक वितरण व्यवस्था सुचारु होने लगी है। किसानों को अब खाद प्राप्त करने में किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होगी। इस संबंध में सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता मऊ श्री विजय प्रकाश वर्मा ने अवगत कराया कि जनपद में कुल 93 बी-पैक्स समितियां संचालित हैं, जिनमें उर्वरक बिक्री केंद्र भी स्थापित हैं। प्रदेश की बी-पैक्स समितियों के सचिव एवं अन्य कर्मचारी नियमित वेतन सहित विभिन्न मांगों को लेकर दिनांक 22 अक्टूबर, 2026 से कार्य बहिष्कार कर लखनऊ में धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। इसके कारण जनपद की कतिपय बी-पैक्स समितियों में उर्वरक वितरण प्रभावित हुआ था
किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बी-पैक्स समितियों के अतिरिक्त अन्य सहकारी संस्थाओं, यथा क्रय-विक्रय सहकारी समितियों, जिला सहकारी विकास संघ, इफको एवं पीसीएफ के उर्वरक बिक्री केंद्रों के माध्यम से उर्वरक का आवंटन एवं वितरण कराया जा रहा था, ताकि किसानों को खेती-किसानी के कार्यों में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने बताया कि दिनांक 02 नवंबर, 2026 को प्रदेश बी-पैक्स समितियों के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों एवं आयुक्त एवं निबंधक, सहकारिता, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के मध्य हुई वार्ता के सकारात्मक परिणामस्वरूप बी-पैक्स समितियों के सचिवों ने अपनी हड़ताल स्थगित कर पुनः कार्यभार ग्रहण कर लिया है। शासन द्वारा कर्मचारियों की मांगों पर विचार करने के लिए संगठन के प्रतिनिधियों के साथ अधिकारियों की एक समिति भी गठित की गई है। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक ने बताया कि जनपद मऊ की अधिकांश बी-पैक्स समितियां आज दिनांक 03 नवंबर, 2026 को खुली रहीं तथा जिन समितियों पर उर्वरक उपलब्ध था, वहां नियमानुसार किसानों को उर्वरक का वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी महोदय द्वारा किए गए आवंटन के सापेक्ष सभी बी-पैक्स समितियों में आरटीजीएस के माध्यम से धनराशि जमा कराकर उर्वरक की आपूर्ति तेजी से सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में उर्वरक की कोई कमी नहीं है। किसान भाई अपनी आवश्यकता के अनुसार नजदीकी सहकारी समितियों से फास्फेटिक एवं यूरिया उर्वरक प्राप्त कर सकते हैं। प्रशासन एवं सहकारिता विभाग द्वारा उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है, जिससे किसानों को समय से उर्वरक उपलब्ध कराया जा सके।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




