मऊ में बेमौसम बारिश और अर्णव तूफान से फसल तबाही: मुआवजा और प्लांट-टू-प्लांट सर्वे की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पर गरजे किसान, सौंपा ज्ञापन
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
3 मिनट पढ़ें
मऊ में बेमौसम बारिश और अर्णव तूफान से फसल तबाही: मुआवजा और प्लांट-टू-प्लांट सर्वे की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पर गरजे किसान, सौंपा ज्ञापन
सतीश कुमार पाण्डेय मऊ
मऊ जिले में 28, 29 और 30 अक्टूबर 2026 को हुई बेमौसम बारिश और 'अर्णव तूफान' के कारण किसानों की धान की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इस प्राकृतिक आपदा से तबाह हुए किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष व भाजपा नेता राकेश सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शन के बाद किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी आनंद वर्धन से मुलाकात कर तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
किसानों की प्रमुख मांगें
किसानों ने मांग की कि जिले में बारिश और तेज हवाओं के कारण खेतों में गिरकर सड़ रहे धान की फसलों का 'प्लाट-टू-प्लाट' सर्वे कराया जाए। धान की अधिक उत्पादन वाली किस्म 'एमटीयू 7029 (नाटी मसूरी)' में रेडा लग जाने और फसल गिरने से उत्पादन पर 50% तक का असर पड़ा है।
सरसों, मटर, मसूर, आलू और चना बोने वाले किसानों के खेतों में पानी भर जाने से बीज का जमाव प्रभावित हुआ है, जिसका सर्वे कर मुआवजा दिया जाए।
केसीसी (KCC) क्लेम और आवास सहायता किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) से ऋण लेने वाले पीड़ित किसानों को बीमा कंपनियों से क्लेम दिलाया जाए। इसके अलावा, बारिश से जिन ग्रामीणों के मकान गिरे हैं, उनका सर्वे कराकर आर्थिक सहायता और आवास उपलब्ध कराया जाए।
प्रशासन का रुख और आश्वासन
किसान नेता राकेश सिंह ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा पीड़ित किसानों को सहायता और पैकेज देने की घोषणा के बावजूद, मऊ जिले की किसी भी तहसील या गांव में अभी तक कोई सर्वे कार्य शुरू नहीं हुआ है।
इस पर गंभीर रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने अपर जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि आगामी तीन दिनों के भीतर जिले में फसलों की क्षति का सर्वे कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही, जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि जिन लोगों के मकान गिरे हैं, उन्हें नियमानुसार पूरी सहायता दी जाएगी।
ज्ञापन सौंपने से पूर्व दोपहर 12 बजे किसान गले में दफ़्ती टांगे हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और "फसलों की क्षति का मुआवजा दो", "हमारी मांग पूरी करो", "जय जवान जय किसान" व "भारत माता की जय" के नारे लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान किसान नेता देव प्रकाश राय, लोक दल के जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, नरेंद्र तिवारी, अवधराज यादव, शिवशक्ति सिंह, उदय प्रताप सिंह, छत्रपति सिंह, रामनिवास, तेज बहादुर सिंह, सुखारी पाल, बृजपाल गुप्ता, वीर बहादुर सिंह, कमला सिंह, मोहम्मद जकरिया, मोहम्मद जियाउल, राणा प्रताप यादव, संतोष यादव, दूधनाथ राम, विजय यादव, छोटेलाल गांधी, वंश बहादुर सिंह, कोठी लाल गिरी और रामा गोड़ सहित भारी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




