दुष्कर्म के फर्जी मुकदमे की साजिश का पर्दाफाश, पुलिसकर्मी समेत चार गिरफ्तार
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
3 मिनट पढ़ें
दुष्कर्म के फर्जी मुकदमे की साजिश का पर्दाफाश, पुलिसकर्मी समेत चार गिरफ्तार
सतीश कुमार पाण्डेय मऊ
मऊ नौकरी दिलाने का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोप में दर्ज कराए गए एक मामले की विवेचना में कोतवाली नगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कथित आपराधिक साजिश का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे पुलिस आरक्षी (कांस्टेबल) विशाल भारती समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
विशाल भारती - पुलिस आरक्षी (वर्तमान तैनाती पुलिस लाइन मऊ, मूल निवासी अयोध्या)
सकीना खातून - निवासी औरंगाबाद डिहवा, थाना दक्षिणटोला, मऊ (मुकदमा दर्ज कराने वाली महिला)
निसार उर्फ नेसार अहमद निवासी केड़ापुर (किड़िहरापुर), थाना भीमपुरा, बलिया
जोया उर्फ गुल निहार निवासी सिंधेरा, थाना मरदह, गाजीपुर
चारों आरोपियों को शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे सोनीधापा मैदान के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने सराहनीय कार्य के लिए इस पुलिस टीम को 10,000 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, यह पूरी साजिश एक पुराने मामले से जुड़ी है
पुराना मामला (वर्ष 2023) 7 जुलाई 2023 को इमरान अहमद की पुत्री फिजा खातून ने आरक्षी विशाल भारती के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और अंतरंग वीडियो वायरल करने का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में पॉक्सो और आईटी एक्ट की धाराएं भी जुड़ी थीं, जिसमें विशाल भारती करीब सात महीने जेल में भी रहा था और वर्तमान में यह मामला मऊ के सेशन कोर्ट में विचाराधीन है।
फर्जी मुकदमा (जुलाई 2026) पुराने मुकदमे में सजा की आशंका के चलते, आरक्षी विशाल भारती ने अपने साथियों के साथ मिलकर इमरान अहमद और उनकी पुत्री पर दबाव बनाने की योजना बनाई। इसी के तहत 23 जुलाई 2026 को सकीना खातून के माध्यम से इमरान अहमद पर नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का फर्जी मुकदमा (मु0अ0सं0 217/2026, धारा 69 और 351(2) बीएनएस) दर्ज कराया गया।
पुलिस की कार्रवाई और धाराओं में बदलाव
विवेचना के दौरान मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और साक्ष्यों के विश्लेषण से पूरी साजिश बेनकाब हो गई। पुलिस ने जांच में इमरान अहमद की नामजदगी को गलत पाते हुए उनका नाम मुकदमे से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इसके साथ ही, मामले में सख्ती दिखाते हुए पूर्व की धाराओं को हटाकर नए सिरे से बीएनएस की धारा 217, 231 और 61(2) की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार किए गए सभी चारों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




