भारी बारिश और आंधी से फसलों को भारी नुकसान: भाजपा नेता राकेश सिंह ने की 'प्लाट टू प्लाट' सर्वे की मांग
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
3 मिनट पढ़ें
भारी बारिश और आंधी से फसलों को भारी नुकसान: भाजपा नेता राकेश सिंह ने की 'प्लाट टू प्लाट' सर्वे की मांग
सतीश कुमार पाण्डेय
मऊ
फसलों की बर्बादी पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं के कारण पक चुकी धान की फसलें खेतों में बिछ गई हैं और जलभराव से किसानों को भारी क्षति हुई है।
लागत पर असर किसानों का कहना है कि एक बीघा धान तैयार करने में जुताई, रोपाई, खाद-दवाई और मजदूरी समेत लगभग 15,000 रुपये की लागत आती है।
दलहन व तिलहन को भी नुकसान जिन किसानों ने सरसों, मटर, मसूर और आलू की बुवाई कर दी थी, उनके खेतों में पानी भरने से वे फसलें भी बर्बाद हो गई हैं।
पुराना मुआवजा अब तक नहीं: पिछले साल 'मोनथा चक्रवात' से हुए नुकसान का मुआवजा कागजों तक सीमित रहा, और रतनपुरा ब्लॉक के 297 किसानों की सूची भेजे जाने के बावजूद एक रुपया भी नहीं मिला।
जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश, आंधी और तेज हवाओं ने अन्नदाताओं की कमर तोड़ दी है। जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष तथा भाजपा किसान नेता राकेश सिंह ने बयान जारी कर कहा है कि इस प्राकृतिक आपदा के चलते जिलेभर में धान की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। खेतों में पानी भर जाने से जो फसलें पक चुकी थीं, वे जमीन पर गिर गई हैं और जिन किसानों ने धान की कटाई कर ली थी, उनकी कटी हुई फसल भी खराब हो गई है।
उन्होंने विशेष रूप से बताया कि देर से पकने वाली 'नॉटी मंसूरी' (MTU 7029) धान की बालियां जमीन पर गिर चुकी हैं, जिससे इसकी पैदावार पर 50 प्रतिशत तक का बुरा प्रभाव पड़ेगा। इसके साथ ही, जिन किसानों ने सरसों, मटर, मसूर और आलू की बुवाई कर दी थी, उनके खेतों में जलभराव के कारण उन फसलों को भी भारी क्षति पहुंची है। कई ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के कच्चे मकान गिरने की भी सूचना है, जिससे गरीब परिवारों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
प्रशासन से 'प्लांट टू प्लांट' सर्वे की पुरजोर मांग
राकेश सिंह ने जिला प्रशासन से मांग की है कि किसानों के दर्द को समझते हुए खेतों में फसल के नुकसान का 'प्लांट टू प्लांट' (प्रत्येक खेत और पौधे का) सही सर्वे कराया जाए। साथ ही, जिन किसानों के कच्चे मकान गिरे हैं, उनकी सुधि लेते हुए उन्हें तत्काल आर्थिक सहायता मुहैया कराई जाए।
पिछले साल के झूठे वादों पर उठाए सवाल
सरकार और प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने याद दिलाया कि गत वर्ष भी 29 अक्टूबर से 1 नवंबर 2025 तक 'मोनथा चक्रवात' के कारण किसानों की फसलें बर्बाद हुई थीं और खेतों में महीनों पानी भरा रहने के कारण किसान रबी की फसलों की बुवाई भी नहीं कर पाए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले साल की क्षति का सर्वे केवल कागजों तक ही सीमित रहा, जबकि तत्कालीन अपर अधिकारी सत्य प्रिय सिंह ने किसान दिवस में यह दावा किया था कि रतनपुरा ब्लॉक के 297 किसानों की क्षति रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है और उन्हें जल्द सहायता मिलेगी, लेकिन हकीकत यह है कि पीड़ित किसानों को आज तक एक रुपया भी मुआवजा नहीं मिला है।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




