मऊ में किसानों की बर्बादी की कहानी.....धान - गन्ना सब तबाह, कर्ज में डूबे अन्नदाता किसान..... पूछ रहे ..... अब हमारा क्या होगा?
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
3 मिनट पढ़ें
अरनव तूफान का कहर.....
मऊ में किसानों की बर्बादी की कहानी.....धान - गन्ना सब तबाह, कर्ज में डूबे अन्नदाता किसान..... पूछ रहे ..... अब हमारा क्या होगा?
तेज आंधी-बारिश से टड़ियाव सहित पूरे जिले में खेत बने तालाब..... खड़ी फसलें जमीन पर लेटीं, सड़ने लगी धान की फसल, किसान नेताओं ने मुआवजे और कर्ज माफी की उठाई मांग......
*********************************
सतीश कुमार पाण्डेय
वरिष्ठ पत्रकार, टड़ियाव - कोपागंज, मऊ
********************************
कोपागंज .....मऊ..... उत्तर प्रदेश
अरनव तूफान ने जनपद मऊ के किसानों की महीनों की कड़ी मेहनत, खून-पसीने की कमाई और जीवनभर की जमा-पूंजी को पलभर में पानी में डुबो दिया है। तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश ने खेतों को मलबे और पानी के तालाब में बदल दिया है, जहां कभी लहलहाती फसलें किसानों के सुनहरे भविष्य का सपना दिखाती थीं, आज वहां सिर्फ बर्बादी का मंजर है।
हालात इतने भयावह हैं कि किसानों की सारी जमा-पूंजी और बैंकों-साहूकारों से लिया गया कर्ज इसी तबाही में डूब गया है। अब हर पीड़ित किसान की जुबान पर सिर्फ एक ही सवाल है कि इस अभूतपूर्व क्षति की भरपाई आखिर कौन करेगा?
टड़ियाव से लेकर पूरे जिले में फसलें धराशायी.......
तूफान के बाद जमीनी हकीकत बेहद दर्दनाक है। तहसील घोसी के टड़ियाव, कोपागंज, घोसी , दोहरीघाट , अमिला, रतनपुरा, मधुबन, मोहम्मदाबाद गोहना , वलीदपुर - भीरा , रानीपुर , चिरैयाकोट सहित पूरे जनपद में धान की पकी-पकाई फसल तेज हवाओं के थपेड़ों से जमीन पर लेट गई है। कई खेतों में तो दो से तीन फीट तक पानी भर गया है, जिससे धान की बालियां सड़ने लगी हैं। गन्ने की फसल भी आंधी में गिर गई है और सब्जियों व बागवानी को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
पूर्वांचल के जाने-माने किसान नेता देवप्रकाश राय ने बताया कि इस बार धान की पैदावार अच्छी होने की उम्मीद थी, लेकिन अरनव तूफान ने सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। वहीं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि यह किसानों के लिए दोहरी मार है, पहले से ही डीजल, खाद और बीज ने लागत बढ़ा रखी थी, अब फसल तबाह होने से किसान पूरी तरह टूट गया है।
कर्ज के बोझ तले दबा अन्नदाता.......
पीड़ित किसानों ने बताया कि उन्होंने कड़ी मेहनत के साथ साहूकारों और सहकारी बैंकों से कर्ज लेकर महंगे बीज, यूरिया, डीएपी और कीटनाशक खरीदे थे। सोचा था कि फसल बेचकर कर्ज चुका देंगे और परिवार का पेट पालेंगे, लेकिन तूफान ने सब कुछ तहस-नहस कर दिया। अब न तो फसल बेचने को बची है और न ही कर्ज चुकाने का कोई रास्ता। कई छोटे और सीमांत किसान इस सदमे में हैं और अगले सीजन की बुआई को लेकर चिंतित हैं।
किसानों की सरकार से तीन बड़ी मांगें......
इस प्राकृतिक आपदा को देखते हुए किसान नेता देवप्रकाश राय, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश सिंह और किसान संगठनों ने जिला प्रशासन और सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
1. तत्काल सर्वे और मुआवजा...... जनपद मऊ के सभी प्रभावित गांवों का राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीम से विशेष सर्वे कराकर पीड़ित किसानों को तुरंत उचित मुआवजा दिया जाए।
2. कर्ज माफी..... इस आपदा के दौर में किसानों के बैंक, सहकारी समिति और किसान क्रेडिट कार्ड के ऋण को पूरी तरह माफ किया जाए, ताकि वे कर्ज के जाल से बाहर निकल सकें।
3. अगली फसल के लिए सहायता......अगले रबी सीजन की बुआई के लिए किसानों को मुफ्त बीज, खाद और नकद आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




