दोहरीघाट पुलिस ने अवैध पटाखों के साथ एक युवक को किया गिरफ्तार
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
दोहरीघाट पुलिस ने अवैध पटाखों के साथ एक युवक को किया गिरफ्तार
गोठा बाजार में छापेमारी के दौरान 20 हजार रुपये के पटाखे बरामद, बिना लाइसेंस भंडारण कर बिक्री करने का आरोप
दोहरीघाट (मऊ)। आगामी लक्ष्मीपूजा, दीपावली एवं छठ पूजा के मद्देनजर शांति व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए दोहरीघाट पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में गुरुवार को थाना दोहरीघाट पुलिस ने गोठा बाजार में छापेमारी कर बिना लाइसेंस अवैध पटाखों का भंडारण कर बिक्री करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे वाले स्थान से करीब 20 हजार रुपये कीमत के विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना दोहरीघाट की टीम ने गोठा बाजार क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान अजीत मद्धेशिया (23) पुत्र स्वर्गीय सतीश मद्धेशिया, निवासी गोठा, थाना दोहरीघाट, जनपद मऊ को गिरफ्तार किया गया। मौके से एक बड़े गत्ते के कार्टून में रखे विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद हुए। इनमें फुलझड़ी, स्टार शॉट रॉकेट, चकरी, पन्टा प्लस बम, अन्य रॉकेट एवं मिक्स पटाखे शामिल हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक रामायण सिंह ने बताया कि रिहायशी इलाके में भारी मात्रा में पटाखों का भंडारण किए जाने से आग लगने और जनहानि होने की आशंका थी। त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
इस मामले में थाना दोहरीघाट पर आरोपी के विरुद्ध धारा 288 बीएनएस तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9(ख) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अख्तर अली, हेड कांस्टेबल रामलवट यादव, हेड कांस्टेबल संतोष यादव, कांस्टेबल सदरे आलम, कांस्टेबल रामजनम पाल, कांस्टेबल सूरज तथा महिला कांस्टेबल ज्योति गुप्ता शामिल रहीं।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




