दीपावली, लक्ष्मी पूजा और मूर्ति विसर्जन को लेकर दोहरीघाट थाने में पीस कमेटी की बैठक संपन्न
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
दीपावली, लक्ष्मी पूजा और मूर्ति विसर्जन को लेकर दोहरीघाट थाने में पीस कमेटी की बैठक संपन्न
डीजे संचालकों को नियमों का पालन करने की दी हिदायत
दोहरीघाट, मऊ।
आगामी दीपावली, लक्ष्मी पूजा एवं प्रतिमा विसर्जन को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से दोहरीघाट थाना परिसर में बुधवार को पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। क्षेत्राधिकारी घोसी सत्येंद्र भूषण तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा प्रबंधों को मजबूत करने तथा आपसी सौहार्द के साथ पर्व मनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में क्षेत्राधिकारी सतेंद्र भूषण तिवारी ने कहा कि दीपावली और लक्ष्मी पूजा जैसे त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश देते हैं। सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद से बचें। उन्होंने प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने तथा जुलूस और विसर्जन के समय शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
डीजे संचालकों को सख्त निर्देश
थाना प्रभारी निरीक्षक रामायण सिंह ने डीजे संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित मानकों और प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही डीजे बजाएं। ध्वनि की निर्धारित सीमा का पालन करें तथा अश्लील, भड़काऊ या विवाद उत्पन्न करने वाले गाने न बजाएं। नियमों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने पूजा समितियों और आयोजकों से अपील की कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग एवं प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें। किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।
बैठक में उपस्थित लोगों से क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक रामायण सिंह ने भरोसा दिलाया कि त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस सतर्क रहेगी। बैठक में उपस्थित क्राइम इंस्पेक्टर महेंद्र नाथ यादव प्रेम शंकर यादव नगर पंचायत अध्यक्ष विनय जायसवाल आजाद जायसवाल रमेश यादव अमितचंद यादव राजेश यादव सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




