28 एवं 29 अक्टूबर को तेज हवाओं, गरज-चमक, वज्रपात एवं भारी वर्षा की संभावना, जिला कृषि अधिकारी ने जारी की फसल सुरक्षा संबंधी सलाह
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
3 मिनट पढ़ें
संभावित प्रतिकूल मौसम को देखते हुए किसान भाई फसलों की सुरक्षा के लिए बरतें विशेष सावधानी
28 एवं 29 अक्टूबर को तेज हवाओं, गरज-चमक, वज्रपात एवं भारी वर्षा की संभावना, जिला कृषि अधिकारी ने जारी की फसल सुरक्षा संबंधी सलाह
सतीश कुमार पाण्डेय
जिला कृषि अधिकारी सोम प्रकाश गुप्ता ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती मौसम तंत्र के प्रभाव से दिनांक 28 एवं 29 अक्टूबर, 2026 को उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तेज झोंकेदार हवाओं के साथ गरज-चमक, वज्रपात एवं भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना व्यक्त की गई है। संभावित प्रतिकूल मौसम को दृष्टिगत रखते हुए जनपद के किसानों को अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए विशेष सावधानी बरतने तथा कृषि विभाग द्वारा जारी सलाह का अनुपालन करने की अपील की गई है। उन्होंने बताया कि गन्ने की फसल में तेज हवाओं से गिरने की आशंका को देखते हुए गिरी हुई फसल को सहारा देकर बांध दें। फसल की परिपक्वता को ध्यान में रखते हुए सिंचाई करने से बचें तथा खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। अरहर की फसल में जलभराव रोकने के लिए तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करें तथा नाइट्रोजन का प्रयोग न करें। खेत में लगातार जलभराव रहने की स्थिति में प्रणालीगत कवकनाशी का छिड़काव करें।खरीफ मक्का की फसल में दाना पकने से कटाई की अवस्था तक पहुंच चुके पके भुट्टों को तत्काल तोड़कर छायादार स्थान पर सुखाएं। धान की फसल में दाना भरने से पकने एवं कटाई की अवस्था तक पहुंच चुकी परिपक्व फसल की कटाई कर लें। कटी हुई उपज को तिरपाल से ढककर सुरक्षित एवं सूखे स्थान पर रखें। मूंगफली की फसल में फलियों को सड़ने से बचाने के लिए खेत में जमा पानी तत्काल निकाल दें। इसी प्रकार तिल की पकी हुई फसल की कटाई कर उसे सुरक्षित स्थान पर रख दें। उड़द एवं मूंग की फसल में संभव हो तो परिपक्व फलियों की कटाई कर लें तथा कटी हुई उपज को अनुकूल मौसम में सुखाएं। रबी फसलों की बुवाई के संबंध में उन्होंने बताया कि सरसों की बुवाई नवम्बर के प्रथम सप्ताह तक स्थगित रखें तथा खेतों से पानी निकालने की व्यवस्था करें, जिससे जलभराव के कारण मिट्टी सख्त न होने पाए। चना एवं मटर की बुवाई से संबंधित सभी गतिविधियां फिलहाल रोक दें। जिन खेतों में बुवाई हो चुकी है, वहां जल निकासी की समुचित व्यवस्था करें, ताकि अंकुरित हो रही फसलों की जड़ें सड़ने से बचाई जा सकें। आलू की बुवाई भी स्थगित रखें। यदि अगेती आलू की बुवाई हो चुकी है तो मेड़ों के बीच गहरी जल निकासी नालियां बनाएं तथा खेत में पानी जमा न होने दें। गेहूं की फसल के लिए भी खेतों में कृषि कार्य करने से बचें तथा मिट्टी जुताई के अनुकूल होने तक खेत की तैयारी एवं बुवाई न करें। सब्जी उत्पादक किसान फूलगोभी, पत्तागोभी, टमाटर, बैंगन, हरी मिर्च, गाजर एवं मूली आदि फसलों की नर्सरी को प्लास्टिक शीट से ढककर सुरक्षित रखें। केला एवं पपीता की फसल को तेज हवाओं एवं जलभराव से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरतें। केले के पौधों को बांस के डंडों के सहारे बांध दें तथा पपीते के खेत में जलभराव बिल्कुल न होने दें, क्योंकि पपीते की फसल जलभराव के प्रति अत्यधिक संवेदनशील होती है। जिला कृषि अधिकारी ने जनपद के समस्त किसान भाइयों से अपील की है कि संभावित खराब मौसम को देखते हुए अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए समय रहते आवश्यक उपाय अपनाएं तथा खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाए रखें, जिससे संभावित वर्षा एवं तेज हवाओं से फसलों को होने वाले नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




