घोसी कोतवाली क्षेत्र के पांडेपार गांव में दिल दहला देने वाली घटना: 15 फीट गहरे कुएं में बोरे के अंदर मिली नवजात बच्ची, पुलिस ने बचाई जान
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
घोसी कोतवाली क्षेत्र के पांडेपार गांव में दिल दहला देने वाली घटना: 15 फीट गहरे कुएं में बोरे के अंदर मिली नवजात बच्ची, पुलिस ने बचाई जान
सतीश कुमार पाण्डेय
घोसी, मऊ घोसी कोतवाली क्षेत्र के पांडेपार गांव से एक बेहद संवेदनशील और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। शनिवार सुबह गांव के करीब 15 फीट गहरे कुएं में एक बोरे के अंदर जीवित नवजात बच्ची मिली। बच्ची की रोने की आवाज सुनकर लकड़ी लेने गई एक बुजुर्ग महिला ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी, जिसके बाद तुरंत डायल 112 पर पुलिस को जानकारी दी गई।
पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से बच्ची को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस और मिशन शक्ति टीम की तत्परता
डायल 112 से सूचना मिलते ही एसआई हरेंद्र कुशवाहा, मिशन शक्ति प्रभारी महिला एसआई ऋचा सोनी और महिला आरक्षी आरती सरोज तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां पहले से मौजूद पीआरवी कर्मियों और ग्रामीणों के सहयोग से बच्ची को बाहर निकाला गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी बड़राव पहुंचाया। डॉक्टरों ने शुरुआती जांच के बाद बच्ची को पूरी तरह स्वस्थ बताया, लेकिन बेहतर देखभाल और आगे की जांच के लिए उसे जिला अस्पताल मऊ रेफर कर दिया गया।
चाइल्ड हेल्पलाइन और वन स्टॉप सेंटर को सौंपी गई जिम्मेदारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए मिशन शक्ति प्रभारी ऋचा सोनी ने तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर नवजात के मिलने की सूचना दी।
सूचना पाकर चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम सीएचसी बड़राव पहुंची, जहां नवजात बच्ची को वन स्टॉप सेंटर की स्टाफ नर्स शिखा मिश्रा और चाइल्ड हेल्पलाइन के अमित कुमार के सुपुर्द कर दिया गया। अब संबंधित विभाग बच्ची की बेहतर देखभाल और आगे की कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई में जुट गया है।
इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना
कुएं के अंदर बोरे में नवजात मिलने की इस घटना से पूरे इलाके के लोग सन्न रह गए हैं। हर कोई यही चर्चा कर रहा है कि जिस किसी ने भी जन्म देने के बाद मासूम को इस तरह मरने के लिए फेंका, उसकी ममता और इंसानियत दोनों मर चुकी थीं; हालांकि, ईश्वर की कृपा और पुलिस-ग्रामीणों के समय पर पहुंचने से बच्ची की जान बच गई। फिलहाल, बच्ची को सुरक्षित हाथों में सौंप दिया गया है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवांछनीय कृत्य के पीछे किसका हाथ है।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




