गोठा में राम-भरत मिलाप देख भावुक हुए श्रद्धालु
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
गोठा में राम-भरत मिलाप देख भावुक हुए श्रद्धालु
भरत भैया ने उतारी प्रभु श्रीराम की आरती, गाजीपुर की झांकियों ने बांधा समां, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा मंडी परिसर
दोहरीघाट, मऊ।
दोहरीघाट क्षेत्र की ग्रामसभा गोठा में बुधवार की देर रात ऐतिहासिक राम-भरत मिलाप का भव्य मंचन श्रद्धा और उल्लास के बीच संपन्न हुआ। भगवान श्रीराम और उनके छोटे भाई भरत के मिलन का भावुक दृश्य देखकर हजारों श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। दोनों भाइयों के गले मिलते ही पूरा गोठा मंडी परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। इस दौरान गाजीपुर से आई जागरण की टीम ने आकर्षक झांकियों के माध्यम से ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए।
प्रस्तुत शिव जी और राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। भक्ति गीतों की धुन पर प्रस्तुत झांकियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों और झांकियों का आनंद लिया। झांकियों की प्रस्तुति ने रामलीला के उत्साह को और बढ़ा दिया।
इस अवसर पर मधुबन विधानसभा के प्रत्याशी भरत भैया अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रभु श्रीरामचंद्र जी की आरती उतारी और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। राम-भरत मिलाप के प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भाईचारे, त्याग, प्रेम और समर्पण का संदेश दिया।
रामलीला के मंचन में दिखाया गया कि 14 वर्ष का वनवास पूरा करने और लंका विजय के बाद प्रभु श्रीराम अयोध्या लौट रहे हैं। उनके आगमन का समाचार सुनकर भरत अपने बड़े भाई से मिलने के लिए व्याकुल हो उठे। जैसे ही दोनों भाई आमने-सामने आए, एक-दूसरे को गले लगा लिया। इस मार्मिक दृश्य को देखकर श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं और पूरा परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
इस मौके पर भरत भैया ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, मर्यादा और कर्तव्य का प्रतीक है। राम-भरत मिलाप हमें परिवार में प्रेम, विश्वास और समर्पण बनाए रखने की प्रेरणा देता है। प्रभु श्रीराम और भरत का आपसी स्नेह भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है।
राम-भरत मिलाप देखने के लिए गोठा सहित आसपास के गांवों और दूरदराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। देर रात तक मंडी परिसर में धार्मिक उत्साह बना रहा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक रामायण सिंह पुलिस टीम के साथ मुस्तैद रहे। वहीं, रामलीला समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने व्यवस्थाओं को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




