किसान दिवस की मासिक समीक्षा बैठक में किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
3 मिनट पढ़ें
किसान दिवस की मासिक समीक्षा बैठक में किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर
जर्जर गोदाम, क्षतिग्रस्त पानी की टंकी, बिजली के पोल और बंद राजकीय नलकूप की समस्याएं उठीं
सतीश कुमार पाण्डेय मऊ
विकास भवन सभागार में परियोजना निदेशक/जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज की अध्यक्षता में किसान दिवस की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों ने कृषि संबंधी समस्याओं के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। जिला विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में किसान देवेंद्र सिंह ने अवगत कराया कि सघन सहकारी समिति परशुपुर का गोदाम सड़क के किनारे स्थित है, जो काफी जर्जर हो चुका है तथा उसका कुछ हिस्सा गिर भी गया है। समिति की भूमि पर स्थानीय लोगों द्वारा अतिक्रमण किए जाने की समस्या भी उठाई गई। उन्होंने भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर उसकी विधिवत निशानदेही कराने की मांग की।
किसान जयप्रकाश राय ने सहरोज मुतालिका मोहम्मदपुर में पानी की टंकी के पिलर में दरार आने की समस्या उठाते हुए बताया कि टंकी कभी भी गिर सकती है, जिससे जान-माल का नुकसान होने की आशंका है। उन्होंने तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। इसके साथ ही अरदौना में बिजली का पोल गिरने से संभावित दुर्घटना की आशंका जताते हुए उसे ठीक कराने तथा सरवा आदेडीह में लंबे समय से बंद पड़े राजकीय नलकूप को पुनः चालू कराने की मांग की।
विकासखंड मोहम्मदाबाद गोहना के एक किसान ने ग्राम पंचायत खुशामदपुर में सरकारी विद्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की अनुपलब्धता का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि गांव में आंगनबाड़ी केंद्र होने के बावजूद आंगनबाड़ी कार्यकत्री की नियुक्ति नहीं है। इस पर जिला विकास अधिकारी ने तत्काल खंड विकास अधिकारी से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में यूरिया एवं डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता है। किसानों को खाद एवं बीज की उपलब्धता में किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी।
जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर संज्ञान लेकर निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर गंभीरतापूर्वक कार्रवाई करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके।
बैठक में उप कृषि निदेशक, अधिशासी अभियंता विद्युत आशीष कुमार, कृषक बृजेश यादव, मदन मोहन राय, परमात्मा सिंह, देवेंद्र सिंह, देव प्रकाश राय एवं राकेश सिंह सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




