सड़क पर खोया पर्स, पुलिस की तत्परता ने लौटाई महिला की मुस्कान
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
सड़क पर खोया पर्स, पुलिस की तत्परता ने लौटाई महिला की मुस्कान
फल खरीदते समय गिर गया था पर्स, प्रभारी निरीक्षक रवीन्द्रनाथ राय के नेतृत्व में पुलिस की सक्रियता से नकदी और जरूरी कागजात सहित मिला वापस
घोसी,मऊ। राह चलते खोई छोटी-सी चीज भी किसी के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन जाती है लेकिन जब पुलिस मददगार बनकर सामने आए तो मायूसी भी मुस्कान में बदल जाती है। ऐसा ही एक मामला घोसी क्षेत्र में सामने आया जहां पुलिसकर्मियों की तत्परता से अपना पर्स खो चुकी महिला को राहत मिल गई। प्रभारी निरीक्षक रवीन्द्रनाथ राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने काफी खोजबीन के बाद पर्स बरामद कर महिला को सुरक्षित वापस दिला दिया।
जानकारी के अनुसार मधुबन थाना क्षेत्र के सिपाह निवासी इंदुमती अपने ससुराल आजमगढ़ जनपद के मुबारक से मायके सिपाह जा रही थीं। रास्ते में फल खरीदने के दौरान उनका पर्स कहीं गिर गया। इस बात का पता उन्हें सिपाह पहुंचने पर चला जब सवारी गाड़ी का किराया देने के लिए उन्होंने पर्स तलाशा। पर्स गायब देख महिला परेशान हो गईं। इसके बाद उन्होंने अपने भाई को मधुबन मोड़ स्थित पुलिस पिकेट पर भेजकर घटना की जानकारी दिलाई।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक रवीन्द्रनाथ राय के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई। मधुबन मोड़ पिकेट पर तैनात उपनिरीक्षक अशोक सिंह, हेड कांस्टेबल शोएब आलम और हेड कांस्टेबल प्रीतम कुमार यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला के बताए स्थान पर पहुंचकर आसपास तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद पर्स एक ठेले वाले के पास गिरा मिल गया।
पर्स में रखी नकदी और जरूरी कागजात सुरक्षित मिलने पर इंदुमती ने राहत की सांस ली। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक रवीन्द्रनाथ राय सहित पुलिसकर्मियों की तत्परता और सहयोग के लिए आभार जताया। घोसी पुलिस की इस सक्रियता से महिला की परेशानी दूर हुई और पुलिस के सहयोगात्मक रवैये की सराहना हुई।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




