हनुमान ने रावण की लंका में लगाई आग, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा रामलीला परिसर
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
3 मिनट पढ़ें
हनुमान ने रावण की लंका में लगाई आग, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा रामलीला परिसर
सीता की खोज में लंका पहुंचे हनुमान ने किया लंका दहन, जीवंत मंचन देख भावविभोर हुए श्रद्धालु
दोहरीघाट, मऊ। ब्लॉक क्षेत्र के गोठा मंडी प्रांगण में श्रीरामलीला समिति के तत्वावधान में चल रही दिन की रामलीला में रविवार को माता सीता की खोज, अशोक वाटिका में हनुमान-सीता संवाद और लंका दहन की लीला का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय से रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। लंका दहन के रोमांचक दृश्य को देखकर दर्शक उत्साहित हो उठे और पूरा रामलीला परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
रामलीला का शुभारंभ माता सीता की खोज में निकले हनुमान जी के समुद्र लांघकर लंका पहुंचने के प्रसंग से हुआ। लंका में माता सीता की तलाश करते हुए हनुमान जी अशोक वाटिका पहुंचे, जहां रावण की कैद में बैठी माता सीता को देखकर उन्होंने प्रभु श्रीराम द्वारा दी गई मुद्रिका उनके सामने डाल दी। मुद्रिका देखकर माता सीता को विश्वास हो गया कि हनुमान जी प्रभु श्रीराम के दूत हैं। इसके बाद हनुमान जी ने माता सीता को प्रभु श्रीराम का संदेश दिया और उन्हें शीघ्र ही रावण के बंधन से मुक्त कराने का भरोसा दिलाया।
माता सीता से भेंट करने के बाद हनुमान जी अशोक वाटिका में फल खाने पहुंचे। वहां उन्होंने फल खाने के साथ ही कई वृक्षों को उखाड़कर वाटिका को तहस-नहस कर दिया। अशोक वाटिका के राक्षस पहरेदारों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद राक्षसों ने इसकी सूचना रावण को दी। क्रोधित रावण ने अपने पुत्र अक्षय कुमार को सेना के साथ हनुमान जी को पकड़ने के लिए भेजा। हनुमान जी ने युद्ध के दौरान अक्षय कुमार का वध कर राक्षसी सेना को परास्त कर दिया।
पुत्र अक्षय कुमार के मारे जाने की सूचना मिलते ही रावण क्रोध से भर उठा। उसने अपने पुत्र मेघनाद को हनुमान जी को पकड़कर दरबार में लाने का आदेश दिया। मेघनाद और हनुमान जी के बीच हुए युद्ध तथा संवाद का कलाकारों ने प्रभावशाली मंचन किया। अंत में मेघनाद ने ब्रह्मास्त्र का प्रयोग कर हनुमान जी को बंदी बना लिया और उन्हें रावण के दरबार में ले गया।
रावण के दरबार में हनुमान जी ने निर्भीक होकर प्रभु श्रीराम का संदेश सुनाया और माता सीता को सम्मानपूर्वक वापस करने की सलाह दी। लेकिन अहंकार में डूबे रावण ने उनकी बात नहीं मानी। हनुमान जी को दंड देने के लिए रावण ने उनकी पूंछ में आग लगाने का आदेश दिया। राक्षसों ने कपड़े और तेल लगाकर उनकी पूंछ में आग लगा दी। इसके बाद हनुमान जी ने लघु रूप धारण कर बंधन से निकलकर जलती पूंछ के सहारे एक महल से दूसरे महल पर छलांग लगाई और देखते ही देखते रावण की सोने की लंका को आग के हवाले कर दिया।
लंका दहन के दृश्य के दौरान रामलीला परिसर में मौजूद दर्शकों ने जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारे लगाए। अग्नि की लपटों के बीच लंका दहन का दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रीय श्रद्धालु और रामलीला प्रेमी मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




