सीता की खोज में श्रीराम की सुग्रीव से हुई मित्रता, बाली वध की लीला का मंचन
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
सीता की खोज में श्रीराम की सुग्रीव से हुई मित्रता, बाली वध की लीला का मंचन
हनुमान मिलन और सुग्रीव-श्रीराम की मित्रता का प्रसंग देख भावविभोर हुए श्रद्धालु, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा रामलीला परिसर
दोहरीघाट, मऊ। गोंठा गांव में आयोजित ऐतिहासिक रामलीला में शनिवार को सीता खोज, हनुमान मिलन, सुग्रीव मित्रता और बाली वध की लीलाओं का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय से रामायण के प्रसंगों को मंच पर उतारा। भगवान श्रीराम और सुग्रीव की मित्रता के प्रसंग ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। वहीं, पूरी रामलीला मंडी जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठी।
लीला का शुभारंभ पंचवटी में माता सीता के न मिलने पर भगवान श्रीराम के व्याकुल होकर वन-वन भटकने के प्रसंग से हुआ। प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण माता सीता की खोज करते हुए आगे बढ़ते हैं। इसी दौरान उनकी भेंट माता शबरी से होती है। शबरी भगवान श्रीराम के प्रति अपनी अगाध श्रद्धा और प्रेम प्रकट करते हुए उन्हें बेर अर्पित करती हैं। शबरी की भक्ति से प्रसन्न होकर श्रीराम उनके प्रेमपूर्वक दिए बेर ग्रहण करते हैं। इसके बाद शबरी उन्हें किष्किंधा पर्वत पर रहने वाले सुग्रीव के पास जाने का मार्ग बताती हैं।
सीता की खोज में आगे बढ़ते हुए श्रीराम और लक्ष्मण की भेंट ब्राह्मण का वेश धारण किए हनुमान जी से होती है। हनुमान जी दोनों भाइयों का परिचय प्राप्त करने के बाद उन्हें सुग्रीव के पास ले जाते हैं। बाली के भय से ऋष्यमूक पर्वत पर रह रहे सुग्रीव अपनी व्यथा श्रीराम को सुनाते हैं। वह बताते हैं कि उनके बड़े भाई बाली ने उन्हें राज्य से निष्कासित कर दिया है और उनकी पत्नी को भी अपने अधिकार में कर रखा है।
सुग्रीव की पीड़ा सुनकर भगवान श्रीराम उन्हें न्याय दिलाने का वचन देते हैं। इसके बाद सुग्रीव और श्रीराम के बीच मित्रता होती है। मित्रता की मर्यादा निभाते हुए भगवान श्रीराम बाली का वध करते हैं और सुग्रीव को उनका अधिकार वापस दिलाते हैं। इस प्रसंग का मंचन देखकर दर्शकों ने कलाकारों के अभिनय की सराहना की।
रामलीला के दौरान श्रीराम और सुग्रीव की मित्रता, हनुमान जी की भक्ति तथा अन्य पात्रों के संवादों ने दर्शकों को रामायण के आदर्शों से परिचित कराया। देर तक रामलीला परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही और जय श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




