घोसी तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस में 72 शिकायतें, मौके पर तीन का निस्तारण
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
घोसी तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस में 72 शिकायतें, मौके पर तीन का निस्तारण
सतीश कुमार पाण्डेय मऊ
घोसी, मऊ। घोसी तहसील सभागार में शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाडिया और उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 72 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनमें से तीन मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में राजस्व विभाग से सर्वाधिक 38 शिकायतें प्राप्त हुईं। इसके अलावा पुलिस विभाग से 21, ब्लॉक से सात, नगर पंचायत से चार और अन्य विभागों से दो मामले आए। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाडिया ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि को ध्यान में रखते हुए किया जाए। वहीं अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने और शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता बरतने पर जोर दिया गया।
उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शिकायतों की गंभीरता से जांच कर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करें ताकि फरियादियों को अनावश्यक परेशानी न हो।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र भूषण तिवारी, तहसीलदार अनीश सिंह, नायब तहसीलदार, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार, अवर अभियंता संजय सरोज, कानूनगो मतीन खान, लेखपाल अरविंद पांडेय, गौरव राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




