मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत छात्राओं को किया गया जागरूक, आत्मरक्षा के बताए गए तरीके
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत छात्राओं को किया गया जागरूक, आत्मरक्षा के बताए गए तरीके
पार्वती पीजी कॉलेज में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर पुलिस ने दी जानकारी, हेल्पलाइन नंबरों के प्रति किया जागरूक
संवाददाता,
दोहरीघाट, मऊ। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत शुक्रवार को थाना दोहरीघाट पुलिस टीम की तरफ से पार्वती पीजी कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं नारी स्वावलंबन के प्रति जागरूक करते हुए महिला आत्मरक्षा के उपायों तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक मऊ सर्वेश कुमार मिश्रा के दिशा-निर्देश एवं थाना प्रभारी निरीक्षक रामायण सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में घबराने के बजाय साहस के साथ अपनी बात रखें और तत्काल पुलिस की सहायता लें। उन्हें आत्मरक्षा के उपाय अपनाने तथा अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने छात्राओं एवं महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को सुना। साथ ही उन्हें महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों, अधिकारों और सरकारी सहायता सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
पुलिस टीम की महिला का० प्रज्ञा शुक्ला ने छात्राओं एवं महिलाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, एंबुलेंस सेवा 108, गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए 102 तथा अग्निशमन सेवा 101 का जरूरत पड़ने पर उपयोग किया जा सकता है।
उप निरीक्षक सतेंद्र प्रजापति ने छात्राओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया के दुरुपयोग के प्रति भी सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही किसी भी अप्रिय घटना की जानकारी परिजनों एवं पुलिस को तत्काल देने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। इस दौरान महिला कांस्टेबल ममता कुमारी प्रिया गौड़ दीपिका पटेल ज्योति गौतम सहित अन्य पुलिस कर्मी और छात्राये उपस्थित रही।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




