मिशन शक्ति फेज-6: टूटते रिश्तों को जोड़ने की पहल, सुलह करने वाले परिवारों को घोसी पुलिस ने किया सम्मानित
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
मिशन शक्ति फेज-6: टूटते रिश्तों को जोड़ने की पहल, सुलह करने वाले परिवारों को घोसी पुलिस ने किया सम्मानित
परिवार परामर्श केंद्र में सुलझे पारिवारिक विवादों के बाद परिजनों से लिया फीडबैक, आपसी समझ और संवाद से रिश्ते मजबूत बनाने पर दिया जोर
घोसी, मऊ। पारिवारिक विवादों को सुलझाकर रिश्तों में फिर से विश्वास कायम करना और परिवारों में खुशहाली लौटाना पुलिस की सामाजिक जिम्मेदारी का अहम हिस्सा है। इसी उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-6 के तहत घोसी कोतवाली पुलिस ने एक सराहनीय पहल की। परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से सफलतापूर्वक निस्तारित कराए गए पारिवारिक मामलों में संबंधित अभिभावकों एवं परिजनों को थाने पर बुलाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उनसे बातचीत कर समाधान की प्रक्रिया को लेकर फीडबैक भी लिया गया।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा के दिशा-निर्देशन में क्षेत्राधिकारी घोसी सत्येंद्र भूषण तिवारी एवं प्रभारी निरीक्षक रवींद्रनाथ राय के नेतृत्व में आयोजित किया गया। मिशन शक्ति टीम और एंटी रोमियो स्क्वायड की मौजूदगी में परिवारों को आपसी संवाद, समझदारी और सौहार्द बनाए रखने के प्रति प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिला उपनिरीक्षक ऋचा सोनी और जशोदा ने महिलाओं की सुरक्षा, उनके अधिकारों, घरेलू विवादों के समाधान तथा परिवार में आपसी तालमेल के महत्व से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि किसी भी पारिवारिक विवाद को बढ़ने से रोकने के लिए समय रहते बातचीत करना, एक-दूसरे की बात सुनना और समस्याओं का शांतिपूर्ण समाधान तलाशना जरूरी है। महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।
पुलिस की इस पहल का उद्देश्य केवल विवादों का निस्तारण करना ही नहीं बल्कि सुलह के बाद परिवारों के बीच कायम हुए विश्वास को मजबूत करना भी है। परिजनों से फीडबैक लेकर यह जानने का प्रयास किया गया कि परामर्श केंद्र के माध्यम से हुए समाधान के बाद उनके पारिवारिक संबंधों में कितना सुधार आया है।
घोसी पुलिस की यह पहल महिला सुरक्षा, पारिवारिक सौहार्द और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मिशन शक्ति के माध्यम से पुलिस यह संदेश देने का प्रयास कर रही है कि संवेदनशीलता, संवाद और आपसी सम्मान से कई पारिवारिक समस्याओं का समाधान संभव है।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




