सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को किया गया सम्मानित
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
4 मिनट पढ़ें
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को किया गया सम्मानित
लाभार्थियों एवं आमजन से जनसंवाद कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का किया आह्वान
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता
मनोज राय
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के तहत नगर पालिका कम्युनिटी हॉल, मऊ में प्रशासक जिला पंचायत मनोज राय की अध्यक्षता में लाभार्थियों एवं जनमानस के साथ जनसंवाद तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रशासक जिला पंचायत मनोज राय ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के योगदान को सम्मानित करना रहा।
कार्यक्रम को आकर्षक एवं सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए सोनी धापा बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने राम स्तुति, खड़ी खम्मा एवं राजस्थानी स्वागत नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वहीं, प्राथमिक विद्यालय कईया के बच्चों ने संगीतमय योग एवं पीटी की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री सितारा देवी, ढाढ़ाचवर, कोपागंज ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रशासक जिला पंचायत मनोज राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक कार्यकाल की पूर्णता के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को विशेष अभियान के रूप में आमजन तक पहुंचाने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद से कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा व्यापारियों, बुनकरों और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। सरकार की मंशा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
मुख्य अतिथि द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में निभाएं महत्वपूर्ण भूमिका
अशोक सिंह
विधानसभा सदर के पूर्व प्रत्याशी अशोक सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि करने का कार्य किया है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां महिला एवं बाल विकास, पोषण तथा बच्चों के समुचित विकास से संबंधित योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अपना सक्रिय सहयोग दें, ताकि पात्र परिवार योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं एवं बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों और जनसमुदाय का मन मोह लिया। राम स्तुति, राजस्थानी स्वागत नृत्य, संगीतमय योग एवं पीटी की प्रस्तुतियों के माध्यम से सांस्कृतिक अभिव्यक्ति के साथ-साथ अनुशासन, स्वास्थ्य और भारतीय परंपराओं का संदेश दिया गया। स्वागत गीत ने कार्यक्रम के वातावरण को गरिमामय बनाया।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के सम्मान कार्यक्रम के माध्यम से उनके कार्यों एवं सेवाभाव को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में जनसंवाद के माध्यम से शासन की योजनाओं के प्रचार-प्रसार और लाभार्थियों तक उनके लाभ पहुंचाने के महत्व पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में नगर पालिका की पूर्व प्रत्याशी डिंपल जायसवाल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सर्वेश राय, भूषण प्रजापति, जिला कार्यक्रम अधिकारी रंजीत कुमार, बाल विकास परियोजना अधिकारी राजेश सिंह, सोनी धापा बालिका इंटर कॉलेज की अध्यापिका ऋचा त्रिपाठी, प्राथमिक विद्यालय कईया के प्रशिक्षक अंजनी कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




