गोंठा रामलीला में सीता हरण और जटायु वध का हुआ सजीव मंचन, भावुक हुए श्रद्धालु
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
गोंठा रामलीला में सीता हरण और जटायु वध का हुआ सजीव मंचन, भावुक हुए श्रद्धालु
सोने के मृग की लीला से सीता हरण तक के प्रसंगों ने बांधा समां, जटायु के बलिदान ने नम कीं दर्शकों की आंखें
दोहरीघाट, मऊ। क्षेत्र के गोंठा गाँव में रामलीला समिति के तत्वावधान में आयोजित ऐतिहासिक रामलीला मंचन के पांचवें दिन शुक्रवार को सीता हरण और जटायु वध की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय से रामायण के इन मार्मिक प्रसंगों को मंच पर उतारकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। लीला के दौरान पूरा रामलीला परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा।
रामलीला का मंचन सूर्पणखा की नाक काटे जाने के प्रसंग से शुरू हुआ। इस घटना से क्रोधित होकर रावण ने सीता हरण की योजना बनाई। उसने मारीच को सोने का मृग बनकर पंचवटी जाने के लिए कहा। मारीच के समझाने के बावजूद रावण अपने निर्णय पर अडिग रहा। इसके बाद मारीच सोने के मृग का रूप धारण कर पंचवटी पहुंचा। मृग की सुंदरता देखकर माता सीता ने प्रभु श्रीराम से उसे पकड़कर लाने का आग्रह किया।
श्रीराम मृग के पीछे चले गए। कुछ समय बाद मारीच ने श्रीराम की आवाज में सहायता के लिए पुकार लगाई। आवाज सुनकर माता सीता चिंतित हो गईं और उन्होंने लक्ष्मण को श्रीराम की सहायता के लिए भेजने का आग्रह किया। लक्ष्मण ने माता सीता की रक्षा के लिए रेखा खींची और वहां से चले गए। इसी अवसर का लाभ उठाकर रावण साधु का वेश धारण कर पहुंचा और छलपूर्वक माता सीता का हरण कर पुष्पक विमान से लंका की ओर चल पड़ा।
जटायु ने रावण से लिया मुकाबला, बलिदान से भावुक हुए श्रद्धालु
माता सीता की पुकार सुनकर पक्षीराज जटायु ने रावण का रास्ता रोक लिया। उन्होंने माता सीता को बचाने के लिए रावण से वीरतापूर्वक युद्ध किया, लेकिन रावण ने अपने प्रहार से जटायु को गंभीर रूप से घायल कर दिया। जटायु के बलिदान का दृश्य देखकर श्रद्धालु भावुक हो उठे। इसके बाद प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण माता सीता की खोज में निकल पड़े।
रामलीला के दौरान कलाकारों के अभिनय और संवादों ने भक्तों को अंत तक बांधे रखा। मंचन देखने के लिए बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और रामभक्त मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




