मऊ जिला कांग्रेस कमेटी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर दिया धरना, पुतला दहन करने वाले भाजपा नेताओं पर FIR की मांग
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
मऊ जिला कांग्रेस कमेटी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर दिया धरना, पुतला दहन करने वाले भाजपा नेताओं पर FIR की मांग
सतीश कुमार पाण्डेय मऊ
मऊ। जिला कांग्रेस कमेटी, मऊ के जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेसजनों ने गत 13 अक्टूबर को जिला कांग्रेस कार्यालय के समक्ष कांग्रेस नेता का पुतला दहन करने वाले भाजपा पदाधिकारियों के विरुद्ध तत्काल FIR दर्ज करने की मांग की। इसके साथ ही, मौके पर मूकदर्शक बने पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग उठाई गई।
धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेसजनों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यालय पर पुतला फूँके जाने के समय पुलिसकर्मी मौके पर तैनात थे, लेकिन उन्होंने न तो प्रदर्शनकारियों को रोकने का कोई प्रयास किया और न ही कोई कार्रवाई की। कांग्रेसजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव ने कहा
"राहुल गांधी जी देश के संविधान, लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की आवाज उठाते हैं। जिला कांग्रेस कार्यालय के सामने उनका पुतला फूँका जाना और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों का कोई कार्रवाई न करना बेहद गंभीर विषय है। यदि अलग-अलग राजनीतिक दलों के लिए कानून के अलग-अलग मापदंड अपनाए जाएंगे, तो यह न्याय व्यवस्था पर सवाल उठाता है। हमारी स्पष्ट मांग है कि दोषी भाजपा पदाधिकारियों पर FIR दर्ज हो और लापरवाह पुलिसकर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की जाए।"
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और कानून के दायरे में रहकर अन्याय के खिलाफ अपना संघर्ष निरंतर जारी रखेगी।
इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से सोहेल नोमानी, विजयभान तिवारी, उदयप्रताप राय, शिवाजी कन्नौजिया, मनोज गिहार, हफिजुरहमान अंसारी, शैलेंद्र सिंह, प्रमोद सिंह, रामकेश पटेल, प्रेमशिला, मंशा राजभर, महक पाण्डेय, साधना श्रीवास्तव, असलम, शाहिद फ़ारूक़ी, मक़सूद, सतीराम यादव, सचितान्द राय, अभिषेक यादव और गुलाब यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




