भाई को मनाने पहुंचे भरत, नहीं टूटी श्रीराम की प्रतिज्ञा; चरणपादुका लेकर लौटे अयोध्या
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
भाई को मनाने पहुंचे भरत, नहीं टूटी श्रीराम की प्रतिज्ञा; चरणपादुका लेकर लौटे अयोध्या
घोसी की रामलीला में भरत मिलाप का भावुक मंचन, भाइयों के प्रेम और त्याग को देख दर्शकों की आंखें हुईं नम
घोसी,मऊ। भाई के प्रति प्रेम ऐसा कि उन्हें वन से वापस लाने के लिए भरत जी ने हर संभव प्रयास किया लेकिन श्रीराम ने पिता के वचन की मर्यादा को सर्वोपरि रखा। घोसी की पारंपरिक रामलीला के तीसरे दिन भरत मिलाप प्रसंग के मंचन ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
मंचन में भरत जी गुरु वशिष्ठ और तीनों माताओं के साथ वन पहुंचे और बड़े भाई प्रभु श्रीराम से अयोध्या लौटने की विनती की। भरत जी के बार-बार आग्रह के बावजूद श्रीराम अपने पिता महाराज दशरथ के वचन का पालन करने के संकल्प से पीछे नहीं हटे। दोनों भाइयों के बीच प्रेम, त्याग और कर्तव्य की इस भावपूर्ण प्रस्तुति को देखकर दर्शकों की आंखें नम हो गईं। रामलीला परिसर श्रीराम और भरत जी के जयकारों से गूंज उठा।
अंत में भरत जी श्रीराम की चरणपादुका अपने शीश पर धारण कर अयोध्या लौट गए। इस प्रसंग ने भाईचारे, त्याग और मर्यादा का संदेश दिया। आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद रहा। समिति ने प्रशासन के सहयोग के लिए आभार जताया।
कार्यक्रम में समिति के संरक्षक हरिश्चंद वर्मा, अध्यक्ष सुधीर श्रीवास्तव, व्यास राघवेन्द्र मिश्रा, शिवम राय, अतुल जी श्रीवास्तव, सूरज मौर्य, श्रेयांश मिश्रा सहित सैकड़ों नगरवासी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




