हाथी, घोड़े, ऊंट और विशाल सेना के साथ चित्रकूट (फरसरा खुर्द) पहुंचे भरत, चरण पादुका लेकर लौटे अयोध्या
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
5 मिनट पढ़ें
राम-भरत मिलन देख भावविह्वल हुए दर्शक, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा गोंठा
चित्रकूट में भारत मनावन का दृश्य देख सजल हुए नयन
हाथी, घोड़े, ऊंट और विशाल सेना के साथ चित्रकूट (फरसरा खुर्द) पहुंचे भरत, चरण पादुका लेकर लौटे अयोध्या
मेले में उमड़ी भीड़, भक्ति जागरण में झूमे श्रद्धालु; लाइव प्रसारण के जरिए विदेशों में रह रहे प्रवासियों ने भी देखी ऐतिहासिक रामलीला
संवाददाता, दोहरीघाट, मऊ।
क्षेत्रके गोंठा गांव में आयोजित प्राचीन ऐतिहासिक रामलीला में बुधवार को राम-भरत मिलन एवं भरत मनावन लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। वनवास के दौरान चित्रकूट में रह रहे प्रभु श्रीराम को अयोध्या वापस लाने के लिए भरत हाथी, घोड़े, ऊंट और विशाल सेना के साथ फरसरा खुर्द पहुंचे। चारों भाइयों के बीच अगाध प्रेम, त्याग और समर्पण का दृश्य देखकर दर्शक भावविह्वल हो उठे। राम-भरत मिलन के दौरान पूरा रामलीला परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इस ऐतिहासिक आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। रामलीला के साथ लगे मेले में बच्चों ने झूलों, खिलौनों और जलेबी का आनंद लिया, जबकि भक्ति जागरण में प्रस्तुत भजनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे।
अयोध्या से चित्रकूट पहुंचे भरत, राम को मनाने का किया प्रयास
रामलीला के मंचन के अनुसार, गुरुवार दोपहर अयोध्या बने रामलीला भवन से भरत, शत्रुघ्न, तीनों माताएं, गुरु वशिष्ठ और अयोध्यावासी रथों पर सवार होकर हाथी-घोड़े और विशाल सेना के साथ चित्रकूट धाम बने फरसरा खुर्द के लिए रवाना हुए। भरत की यात्रा और सेना के भव्य स्वरूप को देखने के लिए रास्ते में जगह-जगह लोगों की भीड़ जुटी रही।
चित्रकूट पहुंचने पर जब लक्ष्मण जी ने भरत को विशाल सेना के साथ आते देखा तो उन्हें आशंका हुई। उन्होंने प्रभु श्रीराम को इसकी जानकारी दी। प्रभु श्रीराम ने लक्ष्मण को समझाते हुए धैर्य रखने को कहा। इसी बीच भरत अपने बड़े भाई श्रीराम के पास पहुंचे और उनके चरणों में गिरकर विलाप करने लगे। उन्होंने पिता राजा दशरथ के निधन का समाचार सुनाया और प्रभु श्रीराम से अयोध्या लौटकर राजगद्दी संभालने की भावुक अपील की।
भरत की विनती सुनकर उपस्थित दर्शक भी भावुक हो उठे। हालांकि, प्रभु श्रीराम ने पिता के वचन और चौदह वर्ष के वनवास की मर्यादा का हवाला देते हुए अयोध्या लौटने से इनकार कर दिया। इसके बाद भरत ने प्रभु श्रीराम की चरण पादुका मांगी और उन्हें अयोध्या ले जाने का संकल्प लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे स्वयं राजगद्दी पर नहीं बैठेंगे, बल्कि श्रीराम की चरण पादुका को सिंहासन पर स्थापित कर उनके प्रतिनिधि के रूप में अयोध्या का शासन चलाएंगे। इस दृश्य ने दर्शकों को भाईचारे, त्याग और कर्तव्यपालन का भावपूर्ण संदेश दिया।
हाथी-घोड़े और ऊंट की झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
भरत मनावन लीला के दौरान हाथी, घोड़े और ऊंट के साथ निकली भव्य शोभायात्रा आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों और राजा-महर्षि के रूप में तैयार नन्हे बच्चों की झांकियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। शोभायात्रा के गांव पहुंचने पर ब्लॉक प्रमुख प्रदीप कुमार राय, प्रतिनिधि संदीप राय, गौरव राय, ग्राम प्रधान पन्नने लाल गौतम, जनार्दन मिश्र सहित अन्य ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान घरों की छतों से पुष्पवर्षा कर भरत की सेना और झांकियों का अभिनंदन किया गया।
पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा। ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से रामलीला की इस प्राचीन परंपरा में सहभागिता निभाई। लोगों का कहना था कि गोंठा की रामलीला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान है और भरत मनावन का आयोजन विशेष आकर्षण रखता है।
मेले में जलेबी और खिलौनों की दुकानों पर उमड़ी भीड़
भरत मनावन के अवसर पर लगे मेले में सुबह से ही लोगों की आवाजाही बनी रही। चाट, फुल्की, चाउमीन, जलेबी, गुब्बारे और खिलौनों की दुकानों पर बच्चों तथा युवाओं की भीड़ दिखाई दी। बच्चों ने झूलों का आनंद लिया तो परिवारों ने मेले में खरीदारी की। मेले की रौनक के बीच इस बार गुड़ की पट्टी की कमी भी लोगों को खली। कभी गुड़ की पट्टी इस मेले की खास पहचान हुआ करती थी और बच्चे-बड़े इसे बड़े चाव से खरीदते थे। पुराने दिनों को याद करते हुए लोगों ने कहा कि पारंपरिक मिठाइयां और स्थानीय व्यंजन मेले की पहचान को और खास बनाते थे।
भक्ति जागरण में गूंजे श्रीराम के भजन
रामलीला समिति की ओर से आयोजित भक्ति जागरण में गायक कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत किए। श्रीराम की महिमा पर आधारित भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस दौरान 'श्रीराम बैठे हैं मेरे सीने में…' भजन की प्रस्तुति पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमने लगे। श्रोताओं ने कलाकारों से इस भजन को दोबारा प्रस्तुत करने की फरमाइश भी की। देर तक चले भक्ति जागरण में श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर रहे।
लाइव प्रसारण के जरिए विदेशों तक पहुंची गोंठा की रामलीला
गोंठा की ऐतिहासिक भरत मनावन लीला का इस बार लाइव प्रसारण भी किया गया। इसके माध्यम से सऊदी अरब, दुबई और ओमान सहित विदेशों में रह रहे स्थानीय प्रवासियों ने भी कार्यक्रम को देखा। अपने गांव की सांस्कृतिक परंपरा और रामलीला का मंचन विदेश में बैठकर देखने पर प्रवासियों ने प्रसन्नता जताई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गोंठा की रामलीला धार्मिक आयोजन होने के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे का भी प्रतीक है। यहां हिंदू-मुस्लिम समुदाय के लोग मिलकर रामलीला के आयोजन और मंचन में सहभागिता निभाते हैं। यही सहभागिता इस ऐतिहासिक परंपरा को विशेष पहचान देती है। राम-भरत मिलन की लीला ने एक बार फिर त्याग, प्रेम, मर्यादा और पारिवारिक संबंधों की महत्ता का संदेश दिया।
उक्त अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रदीप राय, संदीप राय, गौरव राय, पन्नालाल गौतम,सुरेंद्र आचार्य संजय उपाध्याय, विनय गुप्ता, मनोज राय पिंटू राय पवन उपाध्याय रोहित उपाध्याय आशीष गुप्ता सोनू गुप्ता आकाश गुप्ता चंदन गुप्ता अजय उपाध्याय शाहिद भारी संख्या में जनसमूह उपस्थित रहा
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




