17 एवं 24 अक्टूबर को प्रत्येक बूथ पर आयोजित होंगे विशेष शिविर, प्रातः 8 बजे से सायं 6 बजे तक उपस्थित रहेंगे बीएलओ
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
4 मिनट पढ़ें
जिलाधिकारी ने निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में की प्रेस वार्ता, निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों से मीडिया को कराया अवगत
अधिक से अधिक पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में जुड़वाएं अपना नाम: जिलाधिकारी
17 एवं 24 अक्टूबर को प्रत्येक बूथ पर आयोजित होंगे विशेष शिविर, प्रातः 8 बजे से सायं 6 बजे तक उपस्थित रहेंगे बीएलओ
सतीश कुमार पाण्डेय
जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने आज निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने माननीय भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नवीन दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य निर्वाचक नामावली में छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करना तथा मतदाता सूची को अधिक समावेशी बनाना है।
जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत ऐसे निर्वाचकों को चिह्नित कर उनकी सूची तैयार की जाएगी, जिनके नाम विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से पूर्व की निर्वाचक नामावली में दर्ज थे, लेकिन वर्तमान प्रकाशित निर्वाचक नामावली में शामिल नहीं हैं। इस अवधि में बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा। साथ ही, विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान किन्हीं कारणों से मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं करा पाने वाले पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 प्राप्त कर उनके नाम निर्वाचक नामावली में शामिल किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने जनपद में मतदाता सूची के आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि 7 जनवरी 2025 को अंतिम प्रकाशित निर्वाचक नामावली के अनुसार जनपद में कुल 17,07,567 मतदाता पंजीकृत थे तथा मतदाता जेंडर रेशियो 892 था। इसके बाद 28 अक्टूबर 2025 को विशेष गहन पुनरीक्षण की घोषणा के दिन जनपद में कुल 17,13,350 मतदाता पंजीकृत थे तथा जेंडर रेशियो 888 था।
उन्होंने बताया कि 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली में जनपद में कुल 14,13,127 मतदाता पंजीकृत थे तथा मतदाता जेंडर रेशियो घटकर 817 हो गया था। इसके उपरांत 6 जनवरी से 6 मार्च 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि में व्यापक अभियान चलाया गया, जिसके अंतर्गत जनपद में कुल 96,297 नए मतदाताओं के फॉर्म-6 प्राप्त किए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि 10 अप्रैल 2026 को अंतिम रूप से प्रकाशित निर्वाचक नामावली के अनुसार जनपद में कुल 15,15,810 मतदाता पंजीकृत थे तथा मतदाता जेंडर रेशियो बढ़कर 833 हो गया। इस प्रकार 28 अक्टूबर 2025 की स्थिति की तुलना में 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित निर्वाचक नामावली में जनपद का मतदाता जेंडर रेशियो 55 अंक कम रहा।
उन्होंने बताया कि आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान ऐसे पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का अवसर दिया जाएगा, जिनका नाम विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया के दौरान किन्हीं कारणों से दर्ज नहीं हो पाया था। इस उद्देश्य से 17 एवं 24 अक्टूबर को जनपद के प्रत्येक बूथ पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में संबंधित बूथ लेवल अधिकारी प्रातः 8 बजे से सायं 6 बजे तक उपस्थित रहेंगे, ताकि पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि निर्धारित विशेष शिविरों के अतिरिक्त बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर भी छूटे हुए पात्र मतदाताओं से संपर्क करेंगे तथा उनके फॉर्म-6 प्राप्त कर नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है अथवा विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान छूट गया है, वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से स्पष्ट किया कि पूर्व में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2003 की निर्वाचक नामावली से संबंधित बाध्यता नए मतदाताओं के पंजीकरण के संदर्भ में लागू थी, जबकि वर्तमान विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में उक्त बाध्यता समाप्त कर दी गई है। अब भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित पात्रता एवं आवश्यक पहचान संबंधी दस्तावेजों के आधार पर पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करा सकते हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान जिलाधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों के माध्यम से जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो वह फॉर्म-6 भरकर अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन करे।
उन्होंने कहा कि माननीय भारत निर्वाचन आयोग की मंशा है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से सभी संबंधित अधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि अभियान के दौरान व्यापक जनजागरूकता के साथ पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




