जन आक्रोश रैली निकाल भाजपा महिला मोर्चा ने किया कांग्रेस कार्यालय का घेराव, जवाबदेही की मांग
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
4 मिनट पढ़ें
जन आक्रोश रैली निकाल भाजपा महिला मोर्चा ने किया कांग्रेस कार्यालय का घेराव, जवाबदेही की मांग
महिला सम्मान के मुद्दे पर कांग्रेस नेतृत्व को घेरा, छात्राओं के आरोपों की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की उठाई मांग
सतीश कुमार पाण्डेय
मऊ। छात्राओं द्वारा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के प्रोफेसर एवं मणिपुर से कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने जन आक्रोश रैली के माध्यम से कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर विरोध जताया। इस दौरान महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने कांग्रेस नेतृत्व, विशेषकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित सांसद को पार्टी से निष्कासित करने तथा मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।
महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा किसी भी राजनीतिक दल से ऊपर है। छात्राओं द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि आरोप प्रमाणित होते हैं, तो कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण केवल नारों और भाषणों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि महिलाओं से जुड़े मामलों में राजनीतिक नेतृत्व को भी अपनी जिम्मेदारी स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से इस प्रकरण पर अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रीतुलता पांडेय ने कहा कि जन आक्रोश रैली के माध्यम से महिला मोर्चा ने महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद की है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों की बात करने वाले राजनीतिक दलों को ऐसे गंभीर मामलों में भी स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच और न्याय सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष संगीता द्विवेदी ने कहा कि शिक्षण संस्थान छात्राओं के लिए सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के केंद्र होने चाहिए। यदि किसी छात्रा के साथ उत्पीड़न की शिकायत सामने आती है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कर न्याय सुनिश्चित करना संबंधित संस्थानों और प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार का पक्षपात स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।
पूजा राय ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि जन आक्रोश रैली के माध्यम से महिला मोर्चा ने यह संदेश दिया है कि महिलाओं से जुड़े गंभीर मामलों में चुप्पी के बजाय जवाबदेही और न्याय की मांग की जाएगी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच तथा कानून के अनुरूप कार्रवाई की मांग की।
नीलम सर्राफ ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा किसी राजनीतिक दल का सीमित मुद्दा नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक महिला को बिना भय के अपनी बात रखने और न्याय प्राप्त करने का अधिकार है।
पूनम सरोज ने कहा कि महिला सशक्तीकरण का वास्तविक अर्थ महिलाओं को सुरक्षित वातावरण और न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक नेतृत्व को महिलाओं से जुड़े गंभीर मामलों में संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। उन्होंने छात्राओं को न्याय दिलाने और मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की।
महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज उठाना जरूरी है। नूपूर अग्रवाल ने कहा कि जन आक्रोश रैली के माध्यम से महिला मोर्चा ने छात्राओं की शिकायतों की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग को प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को उसके राजनीतिक पद या प्रभाव के कारण कानून से ऊपर नहीं माना जाना चाहिए।
भाजपा महिला मोर्चा नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सन्नो गुप्ता ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से जुड़े मामलों में राजनीतिक दलों को जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से मामले पर स्पष्ट जवाब देने, संबंधित सांसद के विरुद्ध पार्टी स्तर पर कार्रवाई करने तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कानून के अनुसार कदम उठाने की मांग की। भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए जन आक्रोश यात्रा का समापन किया।
इस रैली में किरण राजभर, माला मद्धेशिया, रेखा राजभर, बदामी देवी,सरोज देवी,रीना राजभर आदि भारी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




