घोसी कोतवाली: समाधान दिवस में लेखपालों ने काली पट्टी बांधकर किया प्रदर्शन, 24 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन धरने की दी चेतावनी
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
घोसी कोतवाली: समाधान दिवस में लेखपालों ने काली पट्टी बांधकर किया प्रदर्शन, 24 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन धरने की दी चेतावनी
घोसी, मऊ। घोसी कोतवाली परिसर में आयोजित 'थाना समाधान दिवस' के दौरान शनिवार को उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के तत्वावधान में लेखपालों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया। तहसील अध्यक्ष अरविंद पांडेय के नेतृत्व में एकत्र हुए लेखपालों ने बांहों पर काली पट्टी बांधकर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और प्रदर्शन किया।
प्रमुख माँगें एवं विरोध का कारण
लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष अरविंद पांडेय एवं महामंत्री सौरभ राय ने बताया कि लेखपाल संघ लंबे समय से कई बुनियादी समस्याओं और वेतन संबंधी विसंगतियों के समाधान की मांग कर रहा है। 2800 ग्रेड पे की व्यवस्था
वेतन विसंगतियों का निवारण
मंडलीय स्थानांतरण नीति पर पुनर्विचार
विभिन्न भत्तों में वृद्धि एवं पुरानी मांगों का निस्तारण
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि इन मांगों को लेकर पूर्व में भी कई बार ज्ञापन और प्रदर्शन के माध्यम से ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन सरकार और प्रशासन द्वारा लगातार उपेक्षा की जा रही है। इसी के विरोध में प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आज समाधान दिवस के दौरान सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया गया।
24 अक्टूबर से उग्र आंदोलन की चेतावनी
लेखपालों ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शासन ने समय रहते उनकी जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आगामी 24 अक्टूबर से जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन और आंदोलन शुरू करने के लिए वे बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन के दौरान तहसील अध्यक्ष अरविंद पांडेय, महामंत्री सौरभ राय, शेषनाथ चौहान, विवेक सिंह, गौरव राय, सुनील कुमार, अखिलेश कुमार, सुधाकर, रामआशीष सिंह, आशीष यादव, अरुणेंद्र कुमार, शशिकांत सरोज, नीरज साहनी सहित बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




