मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर सपा कार्यालय घोसी में श्रद्धांजलि सभा
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर सपा कार्यालय घोसी में श्रद्धांजलि सभा
पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुजीत सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
घोसी,मऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर शनिवार को घोसी स्थित सपा कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुजीत सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुजीत सिंह ने मुलायम सिंह यादव के संघर्षपूर्ण राजनीतिक जीवन, समाजवादी विचारधारा और जनसेवा के प्रति उनके समर्पण को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि नेताजी ने किसानों, मजदूरों, गरीबों और वंचितों के अधिकारों की आवाज को बुलंद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका पूरा जीवन सामाजिक न्याय और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा।
सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष कैप्टन राजेश यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही प्रदेश की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। उनके संघर्ष, सादगी और जनसरोकारों से जुड़ी राजनीति को हमेशा याद किया जाएगा। उनके विचार आज भी समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने नेताजी के बताए रास्ते पर चलने तथा समाजवादी सिद्धांतों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस दौरान सभी ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख रामकृष्ण यादव, विधानसभा अध्यक्ष लालचंद यादव, नगर अध्यक्ष खुर्शीद खान, फ़ज़ल खान सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




