सच्ची सेवा से मिलती हैं दुआएं, यही हमारी असली संपत्ति : भगवान भाई
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
3 मिनट पढ़ें
सच्ची सेवा से मिलती हैं दुआएं, यही हमारी असली संपत्ति : भगवान भाई
इंदु नर्सिंग इंस्टीट्यूट में नैतिक शिक्षा एवं सकारात्मक चिंतन पर संगोष्ठी, विद्यार्थियों को सिखाए सेवा, दया और करुणा के संस्कार
सतीश कुमार पाण्डेय मऊ
घोसी,मऊ। समाज और मानवता की सच्ची सेवा के लिए समर्पण, ईमानदारी, दया और करुणा का भाव होना जरूरी है। विशेषकर नर्सिंग के क्षेत्र में मरीजों की सेवा केवल पेशा नहीं बल्कि मानवता के प्रति जिम्मेदारी है। धन के लालच में अपने मानवीय मूल्यों को नहीं छोड़ना चाहिए क्योंकि सच्ची सेवा से मिलने वाली दुआएं ही जीवन की वास्तविक संपत्ति हैं। यह बातें माउंट आबू, राजस्थान से आए प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के ब्रह्माकुमार भगवान भाई ने शनिवार को घोसी स्थित इंदु नर्सिंग इंस्टीट्यूट कॉलेज ऑफ साइंस में आयोजित संगोष्ठी में कहीं।
‘नैतिक शिक्षा और सकारात्मक चिंतन से स्वस्थ तन और मन’ विषय पर संबोधित करते हुए भगवान भाई ने कहा कि नर्सिंग की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को चिकित्सा संबंधी ज्ञान के साथ ईमानदारी, भाईचारा, सहनशीलता, दया, करुणा और मातृत्व भाव जैसे सद्गुण भी अपनाने चाहिए। मरीजों की सेवा करते समय उनके प्रति संवेदनशीलता और आत्मीयता का भाव रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भौतिक शिक्षा के साथ नैतिक शिक्षा भी उतनी ही आवश्यक है क्योंकि नैतिक मूल्य ही व्यक्ति के चरित्र और व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं।
उन्होंने कहा कि भौतिक शिक्षा से रोजगार और आर्थिक समृद्धि के अवसर मिलते हैं लेकिन जीवन की कठिन परिस्थितियों, पारिवारिक समस्याओं और कार्यस्थल की चुनौतियों का सामना करने के लिए नैतिक शिक्षा और सकारात्मक चिंतन जरूरी है। उच्च शिक्षा प्राप्त कर डॉक्टर, इंजीनियर और अन्य पेशों में सफलता हासिल करने के बाद भी यदि व्यक्ति का मन असंतुष्ट रहता है, तो उसकी उपलब्धियां उसे खुशी नहीं दे पातीं। नैतिक शिक्षा व्यक्ति को आत्मबल, विवेक और विपरीत परिस्थितियों में संतुलित रहने की शक्ति प्रदान करती है।
भगवान भाई ने कहा कि भौतिक शिक्षा से जहां भौतिक विकास होता है वहीं नैतिक शिक्षा व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त करती है। विद्यार्थियों को अपने जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाकर समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लेना चाहिए।
संस्थान के प्रिंसिपल पार्थवन ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए ब्रह्माकुमारी संस्था के प्रति आभार जताया। प्रबंधक अजय सिंह तोमर ने कहा कि नैतिकता के अभाव में जीवन दिशाहीन हो जाता है। नैतिक मूल्यों की कमी अनेक व्यक्तिगत और सामाजिक समस्याओं का कारण बनती है।
स्थानीय ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र की बीके आरती बहन ने कहा कि जीवन में आध्यात्मिकता का समावेश होने से नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा मिलती है। वहीं मऊ ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र की राजयोग शिक्षिका बीके सौम्या बहन ने संस्था की गतिविधियों और उद्देश्यों की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में ब्रह्माकुमार भगवान भाई ने विद्यार्थियों को मन की एकाग्रता बढ़ाने और सकारात्मक चिंतन विकसित करने के लिए राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया। इस अवसर पर बीके पूनम बहन, बीके सोनी बहन, बीके मंजू बहन, इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता बीके विवेकानंद भाई, सहायक अध्यापिका सुजाता गुप्ता, नर्सिंग अध्यापिकाएं प्रियंका, साधना और श्वेता सहित संस्थान के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




