विकास भवन के विभिन्न कार्यालयों का नवागत सीडीओ ने किया औचक निरीक्षण
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
3 मिनट पढ़ें
विकास भवन के विभिन्न कार्यालयों का नवागत सीडीओ ने किया औचक निरीक्षण
कार्यालयों में समयबद्धता, अनुशासन एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
सतीश कुमार पाण्डेय
नवागत मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाडिया ने विकास भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर कार्यालयों की कार्यप्रणाली, कार्मिकों की उपस्थिति, अभिलेखों के रख-रखाव तथा आमजन से संबंधित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईडी), जिला अर्थ एवं संख्या विभाग, जिला पंचायत राज विभाग, पशुपालन विभाग, उद्यान विभाग, सहकारिता विभाग एवं युवा कल्याण विभाग सहित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विभागीय कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निर्वाचन से संबंधित अस्थायी डबल लॉकर के निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने उसकी सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के दृष्टिगत बाहर की ओर सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी अभिलेखों एवं सामग्री की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने विकास भवन स्थित सभी कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया कि प्रत्येक कार्यालय के बाहर कार्यालय का नाम एवं पदनाम स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कराया जाए, ताकि आमजन को संबंधित कार्यालय की पहचान एवं जानकारी प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कार्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी दशा में गंदगी न होने देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कार्यालयों में आने वाले आमजन की समस्याओं एवं कार्यों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। अधिकारी एवं कर्मचारी समय से कार्यालय में उपस्थित रहें तथा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व के साथ करें।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी विभाग आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनपद के विकास को नई गति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मूल उद्देश्य जनसेवा एवं सुशासन है। विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा आमजन को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करते हुए जनपद में विकास का प्रभावी वातावरण तैयार किया जाए।
निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र सरोज, उपायुक्त श्रम रोजगार राजीव कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी रंजीत कुमार, मुख्य विकास अधिकारी के स्टेनो जितेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




