कुपोषण मुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त मऊ के निर्माण का लें संकल्प मंत्री ए.के. शर्मा
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
4 मिनट पढ़ें
कुपोषण मुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त मऊ के निर्माण का लें संकल्प
मंत्री ए.के. शर्मा
*9वें राष्ट्रीय पोषण माह के जनपदस्तरीय कार्यक्रम में गोद भराई, अन्नप्राशन, प्रशस्ति प्रमाण पत्र एवं लैपटॉप का किया गया वितरण
सतीश कुमार पाण्डेय मऊ
9वें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत 09 सितंबर से 08 अक्टूबर 2026 तक आयोजित विभिन्न पोषण गतिविधियों की श्रृंखला के क्रम में जनपदस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन मंत्री ए.के. शर्मा, नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार की गरिमामयी उपस्थिति में नगर पालिका कम्युनिटी हॉल में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री जी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किए गए। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही कोविड-19 के दौरान माता अथवा पिता की मृत्यु होने की दशा में प्रभावित बच्चों को शिक्षा में सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से मंत्री जी द्वारा लैपटॉप का वितरण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ए.के. शर्मा ने कहा कि सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा कुपोषित न रहे तथा प्रत्येक गर्भवती एवं धात्री महिला को उचित पोषण एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों। स्वस्थ बच्चा ही आगे चलकर स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण करता है। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के माध्यम से 6 वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं स्तनपान कराने वाली माताओं के पोषण, स्वास्थ्य एवं विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को स्कूल पूर्व शिक्षा भी प्रदान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास केवल कुपोषण को कम करना ही नहीं, बल्कि बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को मजबूत करना तथा परिवारों को स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करना भी है।
पोषण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए मंत्री जी ने बताया कि बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को रेसिपी आधारित टेक होम राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। जुलाई, अगस्त एवं सितंबर 2026 में लगभग 1,98,325 लाभार्थियों को टेक होम राशन उपलब्ध कराया गया। इसी प्रकार 3 से 6 वर्ष की आयु के लगभग 78,363 बच्चों को प्रतिमाह गर्म पका-पकाया भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बच्चों को बेहतर एवं आकर्षक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों को सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में 129 आंगनबाड़ी केंद्र भवनों तथा वित्तीय वर्ष 2024-25 में 50 नए आंगनबाड़ी केंद्र भवनों की स्वीकृति प्राप्त हुई। इसके अतिरिक्त 173 आंगनबाड़ी केंद्रों को सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन केंद्रों पर आरओ, एलईडी टीवी एवं पोषण वाटिका जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के संबंध में उन्होंने बताया कि गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से योजना संचालित की जा रही है। जनपद में वर्ष 2023 से अब तक 18,804 लाभार्थियों का नामांकन किया गया है तथा योजना के अंतर्गत 10,335 लाभार्थियों को कुल 4 करोड़ 58 लाख 8 हजार रुपये की धनराशि का भुगतान किया जा चुका है।
मंत्री जी ने कहा कि मऊ जनपद को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए सरकार के साथ-साथ आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, स्वास्थ्य विभाग, ग्राम पंचायतों और परिवारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से अपील की कि बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान दें, आंगनबाड़ी केंद्रों से मिलने वाली सुविधाओं का लाभ उठाएं तथा आसपास के परिवारों को भी पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि “आइए, हम सब मिलकर कुपोषण मुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त मऊ के निर्माण का संकल्प लें।”
कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाडिया, पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा नूपुर अग्रवाल, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र सरोज, डीसी मनरेगा राजीव कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी रंजीत कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




