नौ साल बाद घर लौटी गुमशुदा युवती, दोहरीघाट पुलिस ने सकुशल बरामद किया
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
नौ साल बाद घर लौटी गुमशुदा युवती, दोहरीघाट पुलिस ने सकुशल बरामद किया
2017 में बिना बताए घर से चली गई थी साधना, पुलिस के लगातार प्रयास से हुई सकुशल वापसी
संवाददाता एक संदेश
दोहरीघाट, मऊ।
गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए पुलिस अधीक्षक मऊ के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दोहरीघाट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना क्षेत्र के जमुनीपुर गांव से करीब नौ वर्ष पूर्व लापता हुई युवती बुधवार को सकुशल अपने घर लौट आई। युवती के वापस आने से परिजनों में खुशी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार जमुनीपुर निवासी साधना पुत्री शिवचन्द, उम्र करीब 30 वर्ष, छह सितंबर 2017 को बिना किसी को बताए अपनी मर्जी से घर से कहीं चली गई थीं। काफी समय तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी रिश्तेदारियों और संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद परिजनों ने थाना दोहरीघाट में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी।
गुमशुदगी दर्ज होने के बाद से ही दोहरीघाट पुलिस युवती की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस द्वारा संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाने के साथ ही परिजनों के संपर्क में रहकर युवती की तलाश के प्रयास किए जा रहे थे। लगातार किए जा रहे प्रयासों के बीच बुधवार सात अक्टूबर 2026 को साधना स्वयं सकुशल वापस अपने घर पहुंच गईं।
पुलिस के अनुसार युवती ने बताया कि वह वर्ष 2017 में अपनी मर्जी से घर से चली गई थीं और अब स्वयं वापस लौटी हैं। युवती के सकुशल मिलने की जानकारी होने पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं की कार्रवाई शुरू कर दी। नियमानुसार आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण आदि की प्रक्रिया पूरी करने के बाद युवती को परिजनों के सुपुर्द करने की कार्रवाई की जा रही है।
करीब नौ वर्ष बाद बेटी के सकुशल घर लौटने पर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिजनों ने युवती की सकुशल वापसी पर मऊ पुलिस और थाना दोहरीघाट पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
संबंधित खबरें
- बेटे की मौत के बाद वर्षों तक बैंक और बीमा कंपनी के चक्कर काटती रही मां, स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से मिला आर्थिक सहारा
- मऊ में इंदिरा गांधी की जयंती और जनपद स्थापना दिवस मनाया गया, शुरू हुआ 'जयन्ती एवं स्थापना दिवस पखवारा'
- पराली जलाने के फर्जी साक्ष्य पर भड़के राकेश सिंह, किसान जितेंद्र कुमार सिंह पर FIR की चेतावनी को बताया अनुचित
- चोरी के चार मोबाइल, तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




