तिरंगे की शान में नमन हुआ राष्ट्रपिता को, घोसी तहसील में गूंजा गांधी-शास्त्री का संदेश
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
तिरंगे की शान में नमन हुआ राष्ट्रपिता को, घोसी तहसील में गूंजा गांधी-शास्त्री का संदेश
एसडीएम अशोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में भव्य आयोजन, ध्वजारोहण के बाद हुआ गार्ड ऑफ ऑनर
जिला संवाददाता एक संदेश मऊ
घोसी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर गुरुवार को तहसील परिसर देशभक्ति और श्रद्धा के वातावरण में सराबोर रहा। उप जिलाधिकारी घोसी अशोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में तिरंगा फहराकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस दौरान गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम में एसडीएम अशोक कुमार सिंह और तहसीलदार अनीश सिंह ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। एसडीएम ने कहा कि गांधी जी का सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा का संदेश आज भी समाज को नई दिशा देता है। वहीं लाल बहादुर शास्त्री का सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि महापुरुषों को याद करने का वास्तविक उद्देश्य उनके विचारों को अपने आचरण और कार्यशैली में उतारना है। प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनसेवा, पारदर्शिता और ईमानदारी को प्राथमिकता देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
समारोह के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रभक्ति के वातावरण के बीच उपस्थित लोगों ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सादगी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में लेखपाल आशीष वर्मा, धर्मेंद्र राय, अरविंद पाण्डेय, एसडीएम के पेशकार आशुतोष, कानूनगो मतीन खान, राजेश राम, परशुराम सहित तहसील के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
- जनगणना के द्वितीय चरण को सकुशल संपन्न कराने के लिए फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
- प्रदेश स्तरीय जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता में आजमगढ़, अयोध्या छात्रावास, प्रयागराज व झांसी की शानदार जीत
- निर्वाचन आयोग पर कब्जे का आरोप, इंडिया गठबंधन ने निकाला विशाल जुलूस; CEC ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला, पुलिस से झड़प
- बिहार जा रही 423 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, एक्सयूवी समेत दो गिरफ्तार




