निर्वाचन आयोग पर कब्जे का आरोप, इंडिया गठबंधन ने निकाला विशाल जुलूस; CEC ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला, पुलिस से झड़प
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
निर्वाचन आयोग पर कब्जे का आरोप, इंडिया गठबंधन ने निकाला विशाल जुलूस; CEC ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला, पुलिस से झड़प
सतीश कुमार पाण्डेय मऊ
मऊ, भारत निर्वाचन आयोग के संस्थागत कब्जे और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सोमवार को इंडिया गठबंधन के बैनर तले मऊ में जोरदार प्रदर्शन किया गया। सोनी धापा मैदान से कलेक्ट्रेट तक निकाले गए इस विशाल जुलूस में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा) समेत गठबंधन के कई दलों के विधायक, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
पुतला दहन पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों में तीखी झड़प
जुलूस के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कई स्थानों पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले फूंके। पुलिस द्वारा पुतला दहन रोकने की कोशिश के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस बल के बीच तीखी झड़प देखने को मिली। कार्यकर्ता निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता बहाल करने की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी कर रहे थे।
लोकतांत्रिक संस्थाओं का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही भाजपा राजमंगल यादव
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस्तेमाल कर रही है। निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता पर सवाल उठना लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन इसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेंगे।"
संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठे तो चुप नहीं बैठेंगे: दूधनाथ यादव
वहीं सपा जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव ने कहा, "लोकतंत्र में जनता के मत और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता ही सर्वोच्च है। यदि चुनावी संस्थाओं पर ही सवाल खड़े हो रहे हैं, तो इंडिया गठबंधन मूकदर्शक बनकर नहीं बैठेगा। हम संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क पर संघर्ष करेंगे।"
कई प्रमुख नेता रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन में मनोज गिहार, हफीजुर्रहमान, सईदुर्रहमान अंसारी, महक पांडेय, रामजतन राजभर, सुजीद सिंह और फखरे आलम समेत गठबंधन के कई प्रमुख पदाधिकारी व विधायक मौजूद रहे। प्रदर्शन के अंत में कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
संबंधित खबरें
- जनगणना के द्वितीय चरण को सकुशल संपन्न कराने के लिए फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
- प्रदेश स्तरीय जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता में आजमगढ़, अयोध्या छात्रावास, प्रयागराज व झांसी की शानदार जीत
- बिहार जा रही 423 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, एक्सयूवी समेत दो गिरफ्तार
- मऊ एआरटीओ कार्यालय में भ्रष्टाचार का आरोप, प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा गया ज्ञापन




