जनगणना के द्वितीय चरण को सकुशल संपन्न कराने के लिए फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
जनगणना के द्वितीय चरण को सकुशल संपन्न कराने के लिए फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का किया शुभारंभ, 82 फील्ड ट्रेनर्स को तीन चरणों में दिया जाएगा प्रशिक्षण
पूरे मनोयोग एवं गंभीरता से फील्ड ट्रेनर्स प्राप्त करें प्रशिक्षण- जिलाधिकारी
सतीश कुमार पाण्डेय मऊ
जनगणना के द्वितीय चरण को समयबद्ध, त्रुटिरहित एवं सकुशल संपन्न कराने के दृष्टिगत आज जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने फील्ड ट्रेनर्स के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी की देखरेख में तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के कुल 82 फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रथम चरण में 05, 06 एवं 07 अक्टूबर को 28 फील्ड ट्रेनर्स, द्वितीय चरण में 08, 09 एवं 10 अक्टूबर को 27 फील्ड ट्रेनर्स तथा तृतीय चरण में 12, 13 एवं 14 अक्टूबर को 27 फील्ड ट्रेनर्स प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित करने के लिए जनगणना निदेशालय, लखनऊ से प्रशिक्षित दो मास्टर ट्रेनर्स जनपद को उपलब्ध कराए गए हैं। दोनों मास्टर ट्रेनर्स द्वारा जनगणना निदेशालय, लखनऊ में प्रशिक्षण प्राप्त किया गया है। इनके द्वारा जनपद के सभी 82 फील्ड ट्रेनर्स को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत यही फील्ड ट्रेनर्स तहसील स्तर पर सुपरवाइजर एवं प्रगणकों को प्रशिक्षित करेंगे, ताकि जनगणना के द्वितीय चरण का कार्य निर्धारित समयावधि में सही एवं व्यवस्थित ढंग से पूर्ण कराया जा सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सभी फील्ड ट्रेनर्स को पूरे मनोयोग एवं गंभीरता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान किसी भी बिंदु को लेकर कोई समस्या अथवा संशय हो तो मास्टर ट्रेनर्स से तत्काल जानकारी प्राप्त कर उसे अच्छी तरह समझ लें। उन्होंने कहा कि फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण जितना बेहतर होगा, उतनी ही प्रभावी ढंग से वे तहसील स्तर पर सुपरवाइजर एवं प्रगणकों को प्रशिक्षित कर सकेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि समय कम होने के दृष्टिगत सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी तत्परता के साथ कार्य करें तथा निर्धारित समय में जनगणना कार्य को त्रुटिरहित, गुणवत्तापूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे फील्ड ट्रेनर्स से अपेक्षा की कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को पूरी गंभीरता से आत्मसात कर आगे प्रशिक्षण देने का कार्य करेंगे।
संबंधित खबरें
- प्रदेश स्तरीय जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता में आजमगढ़, अयोध्या छात्रावास, प्रयागराज व झांसी की शानदार जीत
- निर्वाचन आयोग पर कब्जे का आरोप, इंडिया गठबंधन ने निकाला विशाल जुलूस; CEC ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला, पुलिस से झड़प
- बिहार जा रही 423 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, एक्सयूवी समेत दो गिरफ्तार
- मऊ एआरटीओ कार्यालय में भ्रष्टाचार का आरोप, प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा गया ज्ञापन




