वेतन का बड़ा हिस्सा स्कूल पर खर्च करने वाले समाजसेवी शिक्षक डॉ. रामविलास भारती को नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
3 मिनट पढ़ें
वेतन का बड़ा हिस्सा स्कूल पर खर्च करने वाले समाजसेवी शिक्षक डॉ. रामविलास भारती को नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
जिला संवाददाता एक संदेश मऊ
मऊ: राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक डॉ. रामविलास भारती की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, 'जब तक सूरज-चांद रहेगा' के नारों से गूंजा मुक्तिधाम
घोसी (मऊ)। शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में अपनी अमिट छाप छोड़ने वाले मृदुभाषी व प्रसिद्ध समाजसेवी डॉ. रामविलास भारती का शव जैसे ही दिल्ली से उनके पैतृक गांव 'माछिल जमीन माछिल' पहुंचा, अंतिम दर्शन के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया और हर किसी की आंखें नम हो गईं। गांव से लेकर दोहरीघाट मुक्तिधाम तक हजारों की संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए। रास्ते भर लोग "जब तक सूरज चांद रहेगा, रामबिलास भारती का नाम रहेगा" के नारे लगाते रहे।
ट्रेनिंग के दौरान दिल्ली में हुआ निधन
जूनियर हाईस्कूल धरौली के प्रधानाध्यापक और जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. रामविलास भारती का दिल्ली में एक ट्रेनिंग के दौरान हृदय गति रुकने (कार्डियक अरेस्ट) से असमय निधन हो गया था। उनके निधन की खबर मिलते ही मऊ जनपद और शिक्षा जगत में गहरा शोक छा गया।
वेतन का बड़ा हिस्सा स्कूल और समाजसेवा में करते थे खर्च
डॉ. रामविलास भारती अपनी उदारता, निष्ठा और अनोखी कार्यशैली के लिए जाने जाते थे। वह एक ऐसे समर्पित शिक्षक थे, जो अपने व्यक्तिगत वेतन का एक बड़ा हिस्सा विद्यालय के विकास में लगा देते थे। उन्होंने अपने खर्च से जूनियर हाईस्कूल धरौली को एक नई पहचान दी, वहां एक समृद्ध लाइब्रेरी की स्थापना की और प्रतिवर्ष अपने माता-पिता की स्मृति में जरूरतमंदों की सहायता करते थे। शिक्षा में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें राज्यपाल और मुख्यमंत्री द्वारा राज्य स्तरीय पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका था।
विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि
उनकी अंतिम यात्रा और शोक सभा में क्षेत्र की तमाम गणमान्य हस्तियों ने पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्रद्धांजलि देने वालों में:
पूर्व ब्लॉक प्रमुख डॉ. सुजीत सिंह, बसपा नेता भरत भैया, अजय जायसवाल, बीएसपी पूर्व अध्यक्ष राजेश राजू, घोसी प्रभारी राजेश प्रधान, भाजपा के पूर्व क्षेत्रीय महामंत्री सुनील गुप्ता, घोसी चेयरमैन मुन्ना गुप्ता, पूर्व चेयरमैन चुन्नू खान, बसपा नेता सुरेंद्र राजभर, देवेंद्र कुमार, सतीश कुमार।
डीईओ धर्मेंद्र कुमार, शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष कृष्णानंद राय, प्रधानाचार्य डॉ. संजय कुमार, ग्रापए जिला महामंत्री अशोक श्रीवास्तव, तहसील अध्यक्ष अरविंद राय।
शिक्षक सुदर्शन कुमार, रिजवान अहमद, अधिवक्ता सतीश कुमार पांडेय समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
- जनगणना के द्वितीय चरण को सकुशल संपन्न कराने के लिए फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
- प्रदेश स्तरीय जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता में आजमगढ़, अयोध्या छात्रावास, प्रयागराज व झांसी की शानदार जीत
- निर्वाचन आयोग पर कब्जे का आरोप, इंडिया गठबंधन ने निकाला विशाल जुलूस; CEC ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला, पुलिस से झड़प
- बिहार जा रही 423 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, एक्सयूवी समेत दो गिरफ्तार




