जलजमाव से 500 एकड़ धान की फसल तबाह: नाले की सफाई को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे किसान, सीडीओ और सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
जलजमाव से 500 एकड़ धान की फसल तबाह: नाले की सफाई को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे किसान, सीडीओ और सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन
जिला संवाददाता एक संदेश मऊ
मऊ। कोपागंज ब्लॉक क्षेत्र के अदरी, सिधौना, शाहपुर, डारा, मीरपुर, गोधना, अलीनगर, कुम्भापुर और पहसा सहित कई गांवों के सैकड़ों किसानों की धान की फसल जलमग्न हो गई है। इस समस्या से आक्रोषित किसानों ने जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष राकेश सिंह और लोक दल जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। किसानों ने जिलाधिकारी को संबोधित मांग पत्र सिटी मजिस्ट्रेट राम बाबू और मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) विवेक श्रीवास्तव को सौंपा।
3 साल से बंद है सफाई, टौंस नदी तक नहीं पहुंच पा रहा पानी
किसानों ने सिंचाई विभाग के नाले की तत्काल खुदाई कराने और लगभग 150 मीटर में बने अवरोध को हटवाने की मांग की। उन्होंने बताया कि इस नाले का पानी टौंस नदी में गिरता है। पहले हर साल इस नाले की खुदाई और सफाई होती थी, लेकिन पिछले तीन वर्षों से सफाई न होने के कारण नाला पूरी तरह बंद पड़ा है। नतीजतन, हर साल 500 एकड़ से अधिक धान की फसल पानी में डूबकर बर्बाद हो जाती है।
रबी की बुवाई पर संकट, भुखमरी की कगार पर किसान
किसानों का कहना है कि जल निकासी न होने से केवल धान ही नहीं, बल्कि आगामी रबी सीजन की मुख्य फसलों—गेहूं, चना, मटर, मसूर और सरसों—की बुवाई भी संभव नहीं हो सकेगी। इससे क्षेत्र के किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट और भुखमरी की स्थिति पैदा हो गई है। किसानों ने आरोप लगाया कि जिला स्तर पर आयोजित 'किसान दिवस' में कई बार इस मुद्दे को उठाया गया, लेकिन प्रशासनिक अनदेखी के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मौजूद रहे किसान
पत्रक सौंपते समय किसान नेता देव प्रकाश राय, भानु प्रताप, संतोष, अरुण सिंह, रामायण, राहुल, रामबचन, राम शकल, बृजेश, दुर्ग विजय, अंकित, रोशन, अलख निरंजन, रंजीत, अरविंद, चंद्रजीत, सीपू, छविराम, श्री राम और रामजीत सहित कई पीड़ित किसान मौजूद रहे और ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
संबंधित खबरें
- निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने के बजाय तथ्यों का सम्मान करे विपक्ष : मनोज राय
- राजमंगल यादव के नेतृत्व में मऊ में कांग्रेस का जोरदार धरना-प्रदर्शन
- जिला कास्ट स्क्रूटनी कमेटी की बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न
- गांधी जयंती की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की बैठक,स्वच्छता एवं जनभागीदारी के साथ कार्यक्रम आयोजित करने के दिए निर्देश




