एम. ए. फाउंडेशन ने किया मुनव्वर अली आज़मी को सम्मानित; 'सूफी रंग फेस्टिवल' की राष्ट्रीय सुलेख प्रदर्शनी में हासिल की सफलता
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
एम. ए. फाउंडेशन ने किया मुनव्वर अली आज़मी को सम्मानित; 'सूफी रंग फेस्टिवल' की राष्ट्रीय सुलेख प्रदर्शनी में हासिल की सफलता
सतीश कुमार पाण्डेय
मऊ: एम. ए. फाउंडेशन के तत्वावधान में फाउंडेशन कैंपस में एक शानदार एज़ाज़ी निशिस्त (सम्मान समारोह) का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रसिद्ध सुलेखक (कलिग्राफर) जनाब मुनव्वर अली आज़मी साहब के सम्मान में आयोजित किया गया था, जिन्होंने अजमेर शरीफ के गद्दी नशीन हाजी सलमानी चिश्ती साहब के निमंत्रण पर आयोजित 'सूफी रंग फेस्टिवल' की राष्ट्रीय सुलेख प्रदर्शनी में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
आयोजकों ने बताया कि मुनव्वर अली आज़मी साहब को इससे पूर्व ईरान इस्लामी कल्चरल सेंटर द्वारा भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है, जो उनके कलात्मक समर्पण और लगन का जीवंत प्रमाण है।
नगर पालिका परिषद मऊ के चेयरमैन जनाब अरशद जमाल साहब ने मुनव्वर अली आज़मी की उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात बताया। उन्होंने कहा कि सुलेख कला हमारी सांस्कृतिक विरासत है और ऐसे कलाकारों का उत्साहवर्धन करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जनाब जमाल अर्पण साहब ने कहा, "जो कौम अपने फनकारों की क़दर नहीं करती, वह अपनी सक़ाफ़त (संस्कृति) और शनाख़्त (पहचान) खो देती है।" उन्होंने मुनव्वर अली आज़मी को बधाई दी और उनके जैसे महान कलाकार की पूर्व में जानकारी न होने पर विनम्रतापूर्वक क्षमा मांगी।
डॉक्टर इम्तियाज नदीम साहब ने कहा कि कला केवल हुनर नहीं, बल्कि लगन और निष्ठा का नाम है। वहीं, डॉक्टर जाबिर ज़मा साहब ने समाज में छिपे हुनरमंदों को पहचानने और उन्हें प्रोत्साहन देने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉक्टर दानिश असरी साहब ने किया। इस सफल आयोजन के संयोजक (कन्वीनर) जनाब मंजर जमील आशिक साहब और जनाब मोइनुद्दीन आमिर साहब रहे, जिनकी मेहनत और व्यवस्था की सभी अतिथियों ने मुक्तकंठ से सराहना की।
समारोह के समापन पर एम. ए. फाउंडेशन के पदाधिकारियों, अतिथियों एवं उपस्थित प्रबुद्धजनों ने मुनव्वर अली आज़मी साहब को हार्दिक बधाई देते हुए उनकी कलात्मक यात्रा की निरंतर सफलता की कामना की।
संबंधित खबरें
- जलजमाव से 500 एकड़ धान की फसल तबाह: नाले की सफाई को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे किसान, सीडीओ और सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन
- निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने के बजाय तथ्यों का सम्मान करे विपक्ष : मनोज राय
- राजमंगल यादव के नेतृत्व में मऊ में कांग्रेस का जोरदार धरना-प्रदर्शन
- जिला कास्ट स्क्रूटनी कमेटी की बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न




